🔳मल्लाकोट गांव में किसानों की दो दिवसीय कार्यशाला शुरु
🔳कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर दी गई विस्तार से जानकारी
🔳जलवायु परिवर्तन आधारित खेती के दिए गए टिप्स
🔳बीस से ज्यादा काश्तकारों ने किया प्रतिभाग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के मल्लाकोट गांव में जलवायु परिवर्तन आधारित खेती विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला में किसानों को कई महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराई गई। किसानों से खाद्य सुरक्षा अनुकुल आधारित कृषि को बढ़ावा देने का आह्वान किया। किसानों ने जंगली जानवरों से खेतीबाड़ी बचाने को ठोस उपाय किए जाने पर जोर दिया।
ग्रामीण उद्यम वेग वृद्धि परियोजना ( रिफ) के तत्वावधान में तल्लाकोट में हुई कार्यशाला का शुभारंभ ग्राम प्रधान प्रतिनिधि लाभाशु सिंह ने मां सरस्वती के चित्र के समीप दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्रधान प्रतिनिधि लाभाशु सिंह ने किसानों से कार्यशाला से मिली जानकारियों से उन्नत खेती का आह्वान किया। कहा की ऐसे कार्यक्रम से गांवों के किसान निश्चित रुप से लाभान्वित होते हैं। कार्यशाला में मौजूद बीस से भी ज्यादा किसानों को जलवायु परिवर्तन से खेती पर पड़ने वाले प्रभाव, जैविक व प्राकृतिक खेती, एकीकृत जीवनाशी प्रबंधन, उन्नत किस्म के बीज का चयन, फसल चक्र, खाद्य सुरक्षा अनूकूलन, आधुनिक कृषि को बढ़ावा देना, पशुपालन, खाद उर्वरक सिंचाई आदि के विषय पर विस्तार से जानकारी दी गई। सहायक प्रबंधक लाइवलीहुड संस्था के भास्कर जोशी ने कई योजनाओं की जानकारी दे किसानों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। बताया की तकनीक का सही इस्तेमाल व सटीक जानकारी से उपज की बेहतर पैदावार की जा सकती है। समय समय पर बिमारियों से बचाव को किए जाने वाले छिड़काव आदि से उपज को खराब होने से बचाया जा सकता है। किसानों ने उपज को जंगली जानवरों से बचाने को तारबाड़ करवाए जाने पर भी जोर दिया। इस दौरान सहायक प्रसार अधिकारी कृषि व पशुपालन बलविंदर सिंह, आजिविका समन्वयक महेश पुरी, मूल्यांकन व अनुश्रवण अधिकारी विजय चंद्र, हरेन्दर सिंह जलाल, दीवान सिंह, नंदन सिंह आदि मौजूद रहे।




