🔳पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने लगाया निर्माण में मनमानी का आरोप
🔳जल निगम के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी उठाए सवाल
🔳टैंक निर्माण में गुणवत्ता विहीन कार्य पर जताई नाराजगी
🔳मनमानी किए जाने पर दे डाली आंदोलन की चेतावनी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
जल जीवन मिशन योजना के तहत निर्माणाधीन बयेडी पंपिंग पेयजल योजना पर अनियमितता का आरोप लगा पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है। मनमाने ढंग से कार्य किए जाने पर एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि अनियमितता की गई तो फिर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।
बयेडी पंपिंग पेयजल योजना विवादों से घिर गई है। शुरुआत से ही योजना निर्माण में अनियमितता का आरोप लगा रहे पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों का पारा आखिरकार चढ़ गया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने एसडीएम को हस्ताक्षर युक्त ज्ञापन सौंप योजना निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया है। बताया की लगातार गुणवत्ता विहीन कार्य किए जा रहे हैं। योजना के टैंक निर्माण भी बगैर फर्मों के किया जा रहा है। योजना निर्माण में पंचायत प्रतिनिधियों को भी विश्वास में ना लेकर उपेक्षा की जा रही है। आरोप लगाया कि गुणवत्ता विहीन कार्य होने के बावजूद जल निगम ठेकेदार को भुगतान कर दे रहा है। मनमाने ढंग से मिलीभगत से कार्य करवाए जाने पर गहरी नाराजगी भी जताई है। दो टूक चेतावनी दी है कि यदि महत्वपूर्ण योजना के कार्यों में लापरवाही की गई तो फिर गांव बाशिंदों को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। ज्ञापन में ग्राम प्रधान बयेड़ी लीला देवी, प्रधान मसूरी सुमन देवी, प्रेम सिंह, कैलाश पांडे आदि के हस्ताक्षर हैं।




