🔳रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे से सटे जंगल में धधकी आग
🔳जंगलों में लग रही आग बन रही चिंता का विषय
🔳ग्रामीणों ने वनों को आग से बचाने को ठोस कदम उठाए जाने की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे सटे छाती गांव से सटे जंगल आग से धधकने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रुप धारण कर लिया। आग से कई हेक्टेयर वन क्षेत्र में वन संपदा खाक होने का अनुमान है। देर रात तक जंगल से धुएं का गुबार उठता रहा।
पर्वतीय क्षेत्रों में जंगलों के आग से खाक होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। आए दिन जंगल आग की चपेट में आ रहे हैं जिससे वन संपदा को खासा नुकसान पहुंच रहा है। गर्मीयों से पहले ही जंगलों में बेकाबू होती आग भविष्य के लिए चिंता का विषय बन चुकी है। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे जंगलों को नुकसान पहुंचाने के बाद बुधवार को रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे से सटे छाती गांव का जंगल आग की चपेट में आ गया। कुछ ही देर में आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। जंगल से उठी आग की लपटों से गांव के बाशिंदे भी सख्ते में आ गए। गनीमत रही की आग का रुख आबादी की ओर नही हुआ। जंगल में लगी आग ने वन संपदा के साथ ही मवेशियों की चारा पत्ती को भी जलाकर खाक कर दिया। देर रात तक जंगल धू धू कर जलता रहा। गांवों के बाशिंदों ने जंगलों को आग से बचाने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।




