🔳गांव के बाशिंदों ने सहायक अभियंता को सौंपा ज्ञापन
🔳जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने की उठाई मांग
🔳अनदेखी पर दे डाली आंदोलन की चेतावनी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
3बेतालघाट ब्लॉक के उल्गौर ग्राम पंचायत के बाशिंदों ने सड़क निर्माण की जद में आई पेयजल योजना की लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद लंबा समय बीतने के बावजूद लाइन की मरम्मत न होने पर नाराजगी जताई है। जल संस्थान के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंप जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई है।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत जीआइसी लोहाली से थुआ ब्लॉक तक तमाम गांवों को जोड़ने के लिए लगभग तीन वर्ष पूर्व सड़क निर्माण का कार्य किया जा चुका है। सड़क निर्माण के दौरान उल्गौर, धारी, जाड़ापानी, ताड़ीखेत आदि गांवों के बाशिंदों के घरों तक पेयजल को बनी योजना के पाइप क्षतिग्रस्त हो गए। पाइप लाइन के जगह जगह क्षतिग्रस्त होने से ग्रामीणों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई बार क्षतिग्रस्त लाइन को दुरुस्त करने की मांग उठाए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। शुक्रवार को उल्गौर गांव के बाशिंदों ने जल संस्थान के सहायक अभियंता को ज्ञापन सौंप बताया की विभाग को दस लाख रुपये से भी अधिक का बजट मिलने के बावजूद लाइन दुरुस्त नहीं की जा रही है। गर्मी नजदीक होने से पेयजल संकट बढ़ने का अंदेशा बना हुआ है। ग्रामीणों ने तत्काल पेयजल लाइन बदलने का कार्य शुरु करवाए जाने की मांग उठाई है। अनदेखी पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। इस दौरान दिनेश सिंह रावत, धर्मेंद्र सिंह रावत, सुरेंद्र सिंह, धीरेंद्र सिंह, हिम्मत सिंह, अनूप सिंह, शैलेंद्र सिंह रावत, महेंद्र सिंह रावत आदि मौजूद रहे।




