🔳पत्थरों की चपेट में आने से बच गए कई छोटे बड़े वाहन
🔳जगह जगह थमी रफ्तार, यात्रियों व वाहन चालकों ने हटाए पत्थर
🔳एनएच प्रशासन की अनदेखी पर जताई गहरी नाराजगी
🔳खतरे के बीच जान हथेली पर आवाजाही करते रहे यात्री
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बारिश के साथ ही अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कमजोर पड़ चुकी पहाड़ियां भी दरक गई। जगह-जगह पहाड़ियों से गिरे पत्थरों से जोखिम बढ़ गया। कई वाहन चपेट में आने से बाल बाल बच गए। हालांकि खतरे के बीच दिन भर आवाजाही सुचारु रही। पहाड़ी से गिरे पत्थरों को हाइवे से न हटाए जाने से दुर्घटना का खतरा दोगुना बढ़ गया।
बीते रोज हुई बारिश से हाइवे से सटी थुआ की कमजोर पड़ चुकी पहाड़ी से जगह जगह पत्थर गिरते रहे। सोमवार को धूप खिलने के बाद भी पहाड़ियों से पत्थरों के गिरने का दौर जारी रहा। आवाजाही कर रहे कई छोटे बड़े वाहन चपेट में आने से बाल बाल बच गए। गनीमत रही की बड़ा हादसा टल गया। हाइवे पर अतिसंवेदनशील भोर्यो बैंड, पाडली, दोपांखी, रामगढ़, पाडली, जौरासी, काकड़ीघाट, सुयालखेत आदि क्षेत्रों में रुक रुक कर पत्थर गिरते रहे। पत्थरों के गिरने से कई बार यातायात भी प्रभावित हुआ। काफी देर तक वाहन जहां तहां रुके रहे। पत्थरों को गिरने का क्रम थमने के बाद वाहन चालकों व यात्रियों ने जान जोखिम में डाल सड़क के बीचोंबीच गिरे पत्थरों को हटाया। पहाड़ी से गिरे पत्थरों को हाईवे से न हटाए जाने से भी दुर्घटना का खतरा बना रहा। एनएच प्रशासन की अनदेखी पर आवाजाही करने वाले लोगों ने नाराजगी जताई। आरोप लगाया की जगह जगह गिरे पत्थरों से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है पर विभाग हाइवे की सफाई तक नहीं करा पा रहा। तारा सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह, पंकज नेगी, कुंदन सिंह, दयाल सिंह दरमाल आदि ने सुरक्षित यातायात को ठोस उपाय किए जाने की भी मांग उठाई।

error: Content is protected !!