🔳 लहसुन के मंहगा होने से लोग कर रहे पेस्ट का इस्तेमाल
🔳 बाजार में घटी लहसुन की बिक्री, गार्लिक पेस्ट की बिक्री ने पकड़ी रफ्तार
🔳विकल्प मिलने पर गृहणियों ने भी बनाई मंहगे लहसुन से दूरी
🔳सब्जी व्यापारियों की दुकान से गायब होने लगा लहसुन
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

लहसुन के दाम आसमान चढ़ने के बाद अब लोगों की रसोई में लहसुन की जगह बाजार में बिकने वाले लहसुन पेस्ट ( रेडीमेट गार्लिक पेस्ट) ने जगह बना ली है। बाजार में पांच से दस रुपये के पैकेट में बिकने वाले गार्लिक पेस्ट की बिक्री बढ़ गई है। पांच सौ रुपये किलो लहसुन खरीदने के बजाय गृहणियां भी गार्लिक पेस्ट के पैकेट खरीद तड़के में लहसुन की कमी को पूरा कर दे रही है। खैरना के व्यवसाई दीपक सिंह बिष्ट के अनुसार ग्राहक दस – दस पैकेट एक साथ खरीद लें जा रहे हैं।
कोसी घाटी स्थित गरमपानी, खैरना, सुयालबाड़ी, बेतालघाट, सिमलखा समेत तमाम बाजारों में लहसुन लोगों की पहुंच से दूर हो गया है। वर्तमान में लहसुन की कीमत पांच सौ रुपये किलो से भी पार जा पहुंची है। आसमान चढ़ती कीमतों के कारण अब क्षेत्र के सब्जी दुकानदार बड़ी मंडियों से लहसुन लाने में कतराने लगे हैं। मंहगे दाम होने से लहसुन की बिक्री प्रभावित हो चुकी है। दामों में बढ़ोतरी होने से अब लोगों ने बाजार में बिकने वाले विभिन्न कंपनियों के रेडीमेड गार्लिक पेस्ट को महंगे लहसुन का विकल्प बना लिया है। अमूमन बाजार में पांच से दस रुपये की कीमत में उपलब्ध गार्लिक पेस्ट को ही लोग लहसुन की जगह इस्तेमाल कर रहे हैं। गृहणियां भी गार्लिक पेस्ट से दाल व सब्जियों में लहसुन की कमी को पूरा कर रही है। कभी कभी बिकने वाले गार्लिक पेस्ट की बिक्री इन दिनों एकाएक बढ़ चुकी है। गार्लिक पेस्ट ने मंहगे लहसुन को रसोई से बाहर का रास्ता दिखा अपनी जगह बना ली है। खैरना के व्यापारी दीपक सिंह बिष्ट के अनुसार गार्लिक पेस्ट की खूब बिक्री हो रही है। बकायदा दस दस पैकेट एक साथ बिक रहे हैं। मंहगाई की मार पड़ने से लहसुन की बिक्री ठप हो चुकी है। गृहणी इंदु बिष्ट, ममता देवी, विमला देवी, दया देवी, मुन्नी देवी के अनुसार गार्लिक पेस्ट लहसुन की कमी को पूरा कर दे रहा है। पांच सौ रुपये प्रति किलो लहसुन खरीदने से गार्लिक पेस्ट बेहद सस्ते दाम में उपलब्ध हो रहा है। स्थानीय व्यापारियों के अनुसार लहसुन के उलट अब हल्द्वानी आदि बाजारों से थोक में गार्लिक पेस्ट ही मंगाया जा रहा है।