= आम के पौधो से लदा वाहन बीच हाईवे पर फंसा
= गर्भवती महिला को हल्द्वानी ले जा रहा वाहन भी जाम में फंसा
= बमुश्किल हटाया जा सका हाईवे के बीच फंसा वाहन

(((शेखर दानी/हेमंत साह की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना बाजार के बीचोबीच पिकअप वाहन के फंसने से करीब घंटे भर जिंदगी की रफ्तार थमी रही। सेना के जवानों,आवाजाही कर रहे यात्रियों व स्थानीय लोगों ने बमुश्किल पिकअप को हटाया तब जाकर हाईवे पर आवाजाही सुचारू हुई।
हाईवे पर खैरना मुख्य बाजार में उद्यान विभाग के कार्यालय से आम के पौधे लेकर वाहन यूके 04 सीए 3261 हाईवे पर पहुंचा। हाईवे पर पहुंचा ही था कि उसका टायर बरसाती नाली में फंस गया। चालक ने वाहन को निकालने के लिए कई बार प्रयास किया पर वाहन फंंसता चला गया। देखते ही देखते बाजार क्षेत्र में वाहनों की कतार लग गई। यात्री जहां-तहां फस गए। जाम में पहाड़ से हल्द्वानी को गर्भवती महिला को ले जा रहा वाहन भी फंस गया। रानीखेत को जा रहे कुमाऊँ रेजिमेंटल सेंटर के जवानों, आवाजाही कर रहे यात्रियों व स्थानीय लोगों ने वाहन को हटाने का प्रयास किया पर वाहन बुरी तरह फंस चुका था। बाद में वाहन में रखे गए आम के पौधों को निकालने के बाद एक बार फिर वाहन हटाने की जद्दोजहद शुरू हुई। करीब घंटे भर बाद हाईवे से वाहन हटा दिया गया। तब जाकर बमुश्किल यातायात सुचारू हुआ ।