= कैंची में पलटा ट्रक, दोपांखी में आमने-सामने वाहनों की भिड़ंत में बची कई जिंदगियां
= जाम बना आफत यात्री परेशान
= यातायात सुचारू कराने में पुलिस को भी बहाना पड़ा पसीना

(((कुबेर सिंह जीना/महेंद्र कनवाल/हरीश चंद्र की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रविवार को दिनभर दुर्घटना व जाम से यात्री परेशान रहे। अलग-अलग क्षेत्रों में हुई दुर्घटना में कई जिंदगियां बाल बाल बची। आवाजाही भी बाधित रही। पुलिस के जवानो यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे रहे।

रविवार को हल्द्वानी निवासी अभिषेक वाहन यूके04एबी 64 97 में चार यात्रियों को लेकर हल्द्वानी से रानीखेत को रवाना हुआ। दोपांखी के तीखे बैंड पर पहुंचा ही था कि विपरीत दिशा से द्वाराहाट से दिल्ली जा रहे तेज रफ्तार वाहन डीएल3सीडी 1755 से आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दो वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो जाने के बाद पीछे से एक वाहन और टकरा गया। दुर्घटना में द्वाराहाट से दिल्ली जा रहे वाहन चालक जितेंद्र व अल्मोड़ा निवासी बुजुर्ग माया उपाध्याय घायल हो गए। माया उपाध्याय का मौके पर प्राथमिक उपचार किया गया। जितेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी ले जाया गया।दुर्घटना से हाईवे पर जाम भी लग गया। चौकी पुलिस के राजेंद्र सती व शंकर नेगी ने यातायात सुचारू कराया।

कैंची में पलटा कैंटर

कैंची क्षेत्र में बिजली के तार लेकर हल्द्वानी से रानीखेत की ओर जा रहा कैंटर यूके 06 सीए 1353 असंतुलित होकर हाईवे के किनारे पलट गया। वाहन खाई में जाने से बाल-बाल बचा। दुर्घटना में वाहन चालक बाल-बाल बचा। कैंटर पलटने के बाद वाहन का तेल रिसने से हाईवे पर फिसलन हो गई। कई वाहन रपटने ने से बाल-बाल बचे। दुर्घटना के बाद वाहन चालक दूसरे वाहन से अन्यत्र रवाना हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना में वाहन चालक चोटिल भी हुआ है। वाहन चालक के अन्यत्र निकल जाने से उसका नाम पता नहीं चल सका है।

निगलाट में भी लगा जाम

निगलाट क्षेत्र में पर्यटक का वाहन गलत दिशा में खड़े होने से आधा घंटा जाम लग गया। बाद में बमुश्किल यातायात सुचारू हुआ। हाईवे पर अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, पिथौरागढ़, आवाजाही करने वाले यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।