🔳नारेबाजी कर अफसरों पर लगाया अनदेखी का आरोप
🔳योजना से सीधे गांव को लाभ न दिए जाने से हुए ग्रामीण आक्रोशित
🔳हंगामें की सूचना पर मौके पर पहुंची राजस्व पुलिस
🔳दो दिन में समस्या के समाधान के भरोसे पर बामुश्किल शांत हुए ग्रामीण
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
करोड़ों रुपये की लागत से कोसी नदी नदी पर निर्माणाधीन पंपिग पेयजल योजना से सीधे पेयजल उपलब्ध न कराए जाने पर हाइवे से सटे नौगांव के बाशिंदों का सब्र जवाब दे गया। दो दर्जन से भी अधिक ग्रामीणों ने निर्माणाधीन स्थल पर पहुंचकर नारेबाजी कर कार्य रुकवा दिया। विभागीय अधिकारियों पर मनमानी का आरोप लगाया। हंगामें की सूचना पर पहुंचे राजस्व उपनिरीक्षक ने दो दिन के भीतर समस्या के समाधान को वार्ता का भरोसा दिलाया तब जाकर बामुश्किल ग्रामीण शांत हुए।
कोसी नदी पर करोड़ों की लागत से पंपिग पेयजल योजना का कार्य गतिमान है। योजना से लगभग तीस से ज्यादा गांवों के बाशिंदों को लाभांवित किया जाना है। रविवार को समीपवर्ती नौगांव के दो दर्जन से भी अधिक निर्माणाधीन स्थल पर जा धमके। नारेबाजी कर अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर रोष जताया। कर्कटेश्वर मंदिर समिति अध्यक्ष हरीश परिहार ने आरोप लगाया की पहले योजना के ट्रीटमेंट प्लांट से नौगांव को पेयजल आपूर्ति का भरोसा दिलाया पर अब कनार से गांव के पेयजल आपूर्ति का दावा किया जा रहा है। कहा की समीपवर्ती गांव को ट्रीटमेंट प्लांट से ही पानी की आपूर्ति की जानी चाहिए ताकी गांव के वाशिंदों को समुचित पेयजल उपलब्ध हो सके। स्थानीय गोपाल सिंह कनवाल ने कहा की पहले अधिकारियों ने ट्रीटमेंट प्लांट से ही गांव को पेयजल आपूर्ति का भरोसा दिलाया पर अब कनार से पानी उपलब्ध कराने की बात कही जा रही है। जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों ने एक स्वर में आंदोलन तेज करने का आह्वान किया। हंगामें की सूचना पर राजस्व उपनिरीक्षक कुंदन सिंह मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया पर ग्रामीणों ने एक न सुनी। राजस्व उपनिरीक्षक ने दो दिन में अधिकारियों से वार्ता कर समस्या का समाधान करने का भरोसा दिलाया तब जाकर बामुश्किल ग्रामीण शांत हुए। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अनिल प्रकाश, उपप्रधान हेमंत सिंह , कुंदन सिंह परिहार, धन सिंह, भूपाल सिंह जंतवाल, गोपाल राम, विनोद कुमार, कुबेर सिंह, बिशन राम, तेज राम, दयाल सिंह, विक्रम सिंह, दीवान जंतवाल आदि मौजूद रहे।




