🔳महत्वपूर्ण नहरों की मरम्मत को आमंत्रित किए गए थे टेंडर
🔳कठिन शर्तों पर कोसी घाटी के सिंचाई ठेकेदारों ने जताई थी आपत्ति
🔳विधायक से मिल दोबारा निविदाएं आमंत्रित कराने की उठाई थी मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांवों में स्थित सिंचाई नहरों की मरम्मत को ई-टेंडरिंग व कठिन शर्तों पर स्थानीय ठेकेदारों के आपत्ति जताए जाने के बाद अब सिंचाई विभाग बैकफुट पर आ गया है। संबंधित विभाग ने फिलहाल सभी निविदाओं को निरस्त कर दिया है। कोसी घाटी जन विकास समिति अध्यक्ष दयाल दरमाल ने इसे स्थानीय लोगों की जीत करार दे मामले को गंभीरता से लेने पर विधायक सरिता आर्या का भी आभार जताया है।
बेतालघाट ब्लॉक की करीब 11 महत्वपूर्ण सिंचाई नहरें तीन वर्ष पूर्व आपदा की भेंट चढ़ गई। सिंचाई नहरों के ध्वस्त हो जाने से किसानों को भी भारी नुक्सान उठाना पड़ा। लगातार मांग उठने के बाद राज्य सरकार ने गांवों में तीन वर्ष से ध्वस्त पड़ी सिंचाई नहरों की मरम्मत को छह करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया। बीते दिनों सिंचाई विभाग ने निविदाएं भी आमंत्रित कर दी पर ई टेंडरिंग व कठिन शर्ते होने से बेराजगार युवाओं व नहर निर्माण से जुड़े ठेकेदारों का पारा चढ़ गया। बीते शनिवार को ठेकेदारी से जुड़े ब्लॉक के दो दर्जन से अधिक लोगों ने नैनीताल में विधायक सरिता आर्या से मुलाकात की। विधायक को बताया की सिंचाई विभाग ने मनमाने ढंग से अधिकांश टेंडर ए व बी श्रेणी में लगाए हैं जबकि क्षेत्र के अधिकांश ठेकेदार सी व डी श्रेणी में पंजीकृत हैं। वहीं कुछ टेंडर सी व डी श्रेणी में भी लगाए हैं तो उसमें कठिन शर्ते लगा दी है जिससे क्षेत्र के ठेकेदार प्रक्रिया से वंचित हो गए हैं। आरोप लगाया की दस से बीस किमी की दूरी पर स्थित नहरों के भी एक ही टेंडर लगाए गए हैं जो नियम के विरुद्ध है। ठेकेदारों ने विधायक के माध्यम से प्रदेश के सिंचाई मंत्री को ज्ञापन भी भेजा। विधायक सरिता आर्या ने सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। बुधवार को निविदाएं निरस्त कर दी गई है। सहायक अभियंता गणेश पांडे के अनुसार अधिशासी अभियंता स्तर की निविदाएं जल्द दोबारा आमंत्रित करने की प्रकिया शुरु होगी। कोसी घाटी जन विकास समिति अध्यक्ष दयाल दरमाल ने विधायक का आभार व्यक्त कर इसे कोसी घाटी के लोगों की जीत करार दिया है।




