🔳कोसी घाटी में बिगड़ती स्वास्थ्य सेवाओं का मामला पकड़ा तूल
🔳संगठन के पदाधिकारियों ने लापरवाही पर जताई नाराजगी
🔳जल्द सुधार न होने पर किया आंदोलन का ऐलान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

कोसी घाटी क्षेत्र में स्थित सीएचसी गरमपानी व बेतालघाट में बिगड़ती स्वास्थ्य सेवाओं का मामला तूल पकड़ गया है। ग्राम प्रधान संगठन के पदाधिकारियों ने सुविधाएं उपलब्ध न होने पर गहरी नाराजगी जताई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द व्यवस्थाओं में सुधार न किया गया तो फिर संगठन पंचायत प्रतिनिधियों को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।
सैकड़ों गांवों के मध्य में स्थित सीएचसी गरमपानी व बेतालघाट में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती न होने तथा आपातकालीन 108 सेवा की अव्यवस्था से घुना गांव की ग्राम प्रधान जया किशोरी तथा समीपवर्ती खैरनी गांव की प्रसूता ज्योति जंतवाल को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। प्रधान जया किशोरी को दो घंटे बाद 108 सेवा का वाहन लेने पहुंचा। 60 किमी की दूरी तय कर जया को एसटीएच हल्द्वानी ले जाया गया पर तब तक काफी देर हो चुकी थी। प्रसूता के गर्भ में पल रहे नवजात ने दम तोड़ दिया। लगातार बिगड़ रही स्वास्थ्य सेवाओं पर अब ग्राम प्रधान संगठन का पारा चढ़ने लगा है। ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष मनोज पडलिया ने आरोप लगाया की लंबे समय से स्त्री रोग विशेषज्ञ की तैनाती की मांग उठाई जा रही है बावजूद स्वास्थ्य विभाग अनदेखी पर आमादा है। महिला उपाध्याय सविता बिष्ट ने विभाग पर गर्भवती महिलाओं को जिंदगी से खिलवाड़ का आरोप लगाया। कहा की लाखों रुपये सरकार से मिलने के बावजूद 108 सेवा प्रबंधन सुविधाएं उपलब्ध कराने में नाकाम साबित हो रहा है। संगठन के प्रदेश सचिव शेखर दानी ने बिगड़ती स्वास्थ्य सेवाओं के लिए अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया। शेखर दानी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी गांवो की उपेक्षा पर आमदा है। दो टूक चेतावनी दी की यदि जल्द विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती व व्यवस्थाओं में सुधार को ठोस कदम नहीं उठाए गए तो पंचायत प्रतिनिधियों को साथ लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।

error: Content is protected !!