🔳दो महिने में ही दम तोड़ने लगा करोड़ों की लागत से किया गया डामरीकरण
🔳महत्वपूर्ण सड़क पर उठने लगे कार्य की गुणवत्ता पर सवाल
🔳जगह जगह डामर उखड़ने से बना दुर्घटना का खतरा
🔳घटिया कार्य कर बजट ठिकाने लगाने का लगाया आरोप
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
ग्रामीण सड़कें सरकारी बजट ठिकाने लगाने का जरिया बन चुकी है। सरकार करोड़ों रुपये का बजट तो उपलब्ध करा रही है पर मुनाफे के फेर में घटिया कार्य कर इतिश्री कर दी जा रही है। आलम यह है की महत्वपूर्ण चापड – बलियाली – बिल्लेख मोटर मार्ग पर दो महीने पहले करोड़ों रुपये की लागत से किया गया डामरीकरण दम तोड़ गया है।
बेतालघाट भुजान मोटर मार्ग से तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण चापड – बलियाली – बिल्लेख मोटर मार्ग के खस्ताहाल होने पर राज्य सरकार ने डामरीकरण व मरम्मत कार्य के लिए लगभग चार करोड़ रुपये से भी अधिक का बजट उपलब्ध कराया। चापड़, हिडा़म, बलियाली, बिल्लेख समेत तमाम गांवों के बाशिंदों को उम्मीद थी की अब सुगम यातायात का लाभ मिल सकेगा पर विभागीय अधिकारियों की अनदेखी ने ग्रामीणों की उम्मीद पर पानी फेर दिया है। दो महिने पहले ही सड़क पर किया गया डामरीकरण गुणवत्ता के अभाव में दम तोड़ चुका है। चापड व हिडा़म क्षेत्र में करोड़ों रुपये की लागत से किया गया डामरीकरण दम तोड़ चुका है। महज दो महीने में ही डामरीकरण उखड़ जाने पर क्षेत्रवासियों ने रोष जताया है आरोप लगाया है की गुणवत्ताविहीन कार्य कर सरकारी बजट ठिकाने लगाया जा रहा है। राजेंद्र सिंह फर्त्याल, दीपक जोशी, दीपक चंद्र, कुंदन राम, कुलदीप सिंह आदि ग्रामीणों ने लोनिवि के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। चेतावनी दी है की यदि गुणवत्ताविहीन कार्य पर कार्रवाई नहीं की गई तो फिर ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। लोनिवि के सहायक अभियंता कुंदन सिंह बिष्ट के अनुसार जल्द निरीक्षण कर कार्रवाई की जाएगी।




