🔳अल्ट्रासाउंड सेवा के ठप होने से चढ़ने लगा है पारा
🔳गर्भवती महिलाओं को हो रही परेशानी पर जताई नाराजगी
🔳संगठन की प्रदेश अध्यक्ष ने कोसी घाटी की आशाओं को साथ लेकर आंदोलन का किया ऐलान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
तमाम गांवों के मध्य में स्थित सीएचसी गरमपानी में अल्ट्रासाउंड सेवा ठप होने का मामला तूल पकड़ गया है। व्यापारियों, पंचायत प्रतिनिधियों के बाद अब आशा वर्कर यूनियन की प्रदेश अध्यक्ष ने भी लगातार बढ़ रही परेशानी पर नाराजगी जताई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि जल्द व्यवस्था सुचारु नहीं की गई तो बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में कार्यरत आशाओं को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा।
बेतालघाट ब्लॉक के साथ ही ताड़ीखेत, रामगढ़ तथा हवालबाग ब्लॉक के मध्य में स्थित सीएचसी गरमपानी में लंबे समय से अल्ट्रासाउंड सेवा ठप होने तथा बेतालघाट सीएचसी में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध न होने पर अब नाराजगी बढ़ते ही जा रही है। व्यापारियों व पंचायत प्रतिनिधियों के आक्रोशित होने के बाद अब गर्भवती महिलाओं को हो रही परेशानी पर आशा वर्कर यूनियन का पारा भी चढ़ने लगा है। आरोप है की गर्भवती महिलाओं को सुविधा का लाभ न मिलने से प्रसव पीड़ा में दूरदराज रुख करना पड़ रहा है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं की जिंदगी पर भी खतरा बढ़ जा रहा है। आशा वर्कर यूनियन उत्तराखंड की प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल ने अल्ट्रासाउंड सेवा का लाभ न मिलने पर गहरी नाराजगी जताई है। कमला कुंजवाल के अनुसार गर्भवती महिलाओं को सुविधा न मिलना निंदनीय है। साफ कहा की महिलाओं की जिंदगी से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जल्द सेवा सुचारु कर महिलाओं को लाभ नहीं दिया गया तो फिर बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में कार्यरत 65 से अधिक आशा कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल गरमपानी, खैरना, छड़ा, पातली, भुजान, टूनाकोट, चमड़ियां, सुयालबाड़ी, सुयालखेत आदि इकाईयों के पदाधिकारियों ने भी आंदोलन को समर्थन का एलान किया है।




