🔳पोस्ट ऑफिस में सुविधा होने के बावजूद ग्रामीण दूरदराज भटकने को मजबूर
🔳लाखों की मशीन से अब तक नहीं बनाया जा सका एक भी आधार कार्ड
🔳क्षेत्रवासियों ने विभागीय कार्यप्रणाली को ठहराया जिम्मेदार
🔳पोस्टमास्टर ने दिया तकनीकी कारणों का हवाला
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांवों के बाशिंदे आधार कार्ड बनाने, संसोधन करवाने को मीलों का सफर तय करने को मजबूर हैं। आधार शिविर लगने पर सैकड़ों की संख्या में लोग उमड़ते हैं पर गरमपानी स्थित पोस्ट ऑफिस में रखी लाखों की कीमत की आधार मशीन से सफेद कपड़ा हटने का नाम नहीं ले रहा। तीन वर्षों से मशीन से एक भी आधार कार्ड न बन पाने से क्षेत्रवासियों में गहरी नाराजगी भी है। पोस्टमास्टर भुवन लाल के अनुसार तकनीकी दिक्कतों से मशीन संचालित नहीं हुई। जल्द मशीन शुरु करने का प्रयास किया जा रहा है।
सरकार गांवों के बाशिंदों की सहूलियत को तमाम प्रयास करती है पर विभागीय कार्यप्रणाली अक्सर लोगों की सुविधाओं के आगे रोड़ा बन खड़ी हो जाती है। ऐसी ही हकीकत बयां कर रही है अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित गरमपानी डाकघर में रखी आधार मशीन। गांवों के बाशिंदों को आधार कार्ड बनाने में परेशानियों का सामना न करना पड़े इसके लिए सरकार ने तीन वर्ष पहले लाखों रुपये कीमत की आधार मशीन गरमपानी स्थित पोस्ट ऑफिस में उपलब्ध कराई। उम्मीद थी की लोगों को अब परेशानी से निजात मिल सकेगी और पोस्ट ऑफिस में आसानी से आधार कार्ड बन सकेगा। समय बीता पर आधार कार्ड मशीन शुरु नहीं हो सकी। देखते देखते तीन वर्ष के अंतराल के बाद भी आज तक मशीन से एक भी आधार कार्ड नहीं बनाया जा सका। विभागीय अनदेखी से लोगों की उम्मीदें भी पोस्ट ऑफिस में सफेद कपड़े से ढक कर रखी गई आधार मशीन में दब गई है। सुविधा का लाभ न मिलने से स्थानीय लोगों में गहरी नाराजगी है। विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, गजेन्द्र नेगी, फिरोज अहमद, राकेश जलाल, गोविन्द सिंह, मनोज नैनवाल, हीरा सिंह बिष्ट ने सुविधा का लाभ न दिए जाने के लिए विभागीय अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है। आरोप लगाया है की गांव के बाशिंदे आधार कार्ड बनवाने को दूरदराज रुख करने को मजबूर हैं बावजूद गरमपानी क्षेत्र में मशीन होने के बावजूद सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जा रही। लोगों ने जल्द मशीन से सुविधा उपलब्ध कराए जाने की मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि हिलाहवाली की गई तो फिर क्षेत्रवासियों को साथ लेकर पोस्ट ऑफिस में ही धरना प्रदर्शन शुरु कर दिया जाएगा। पोस्ट ऑफिस के पोस्टमास्टर भुवन लाल के अनुसार तकनीकी कारणों से मशीन से कार्य शुरु नहीं हो सका। प्रयास किया जा रहा है की लोगों को सुविधा मिल सके।




