🔳स्कूल के समय बाजार में घुमते दिख रहे नौनिहाल
🔳लगातार बिगड़ती व्यवस्था पर अभिभावकों में नाराजगी
🔳विद्यालय परिसर के पीछे बियर की बोतलें व गिलासों का ढेर

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

समीपवर्ती भुजान क्षेत्र में स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज में अराजकता हावी होती जा रही है। स्कूल के समय पर नौनिहाल बाजार क्षेत्र में टहल रहे हैं। विद्यालय परिसर के ठिक पीछे बियर की खाली बोतलें व गिलासों का ढेर लगा है। अभिभावकों ने लगातार बिगड़ती व्यवस्था पर गहरी नाराजगी जताई है। जल्द व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग उठा अनदेखी पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे पर स्थित राजकीय अटल उत्कृष्ट विद्यालय भुजान के नाम से पहचान रखने वाले विद्यालय में व्यवस्थाएं पटरी से उतर चुकी है। अराजकता हावी होने से माहौल लगातार बिगड़ते जा रहा है बावजूद कोई सुधलेवा नहीं। लंबे समय से महत्वपूर्ण विषयों के अध्यापकों व स्थाई प्रधानाचार्य की कमी से जूझ रहे विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थी स्कूल के समय में बाजार क्षेत्र में टहल रहे हैं। नौनिहाल घरों से तो विद्यालय के लिए निकल रहे हैं पर विद्यालय में समुचित शिक्षकों के न होने से इधर उधर घुम रहे हैं। विद्यालय परिसर के पीछे बियर की बोतलें व डिस्पोजल ग्लास भी तमाम गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। विद्यालय में लगातार बिगड़ रही व्यवस्था पर अभिभावकों में भी गहरा रोष व्याप्त है। स्थानीय कुलदीप सिंह खनायत, रमेश सिंह खनायत, विजय नेगी, अनुराग बिष्ट, सुनील मेहरा आदि ने विद्यालय में चौपट हो चुकी व्यवस्था पर शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया है। जल्द शिक्षा व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। दो टूक चेतावनी दी है की यदि अनदेखी की गई तो फिर ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन शुरु किया जाएगा। विद्यालय में प्रभारी प्रधानाचार्य की जिम्मेदारी संभाल रहे भंवर सिंह के अनुसार शिक्षकों की भारी कमी व कुछ शिक्षकों के अवकाश में होने से व्यवस्था प्रभावित हुई है। सुधार को ठोस कदम उठाए जाएंगे। विद्यालय परिसर के पीछे भी निरीक्षण करवाया जाएगा।

error: Content is protected !!