🔳दिन के उजाले में ही आबादी के नजदीक तक दे रहा दस्तक
🔳स्कूली नौनिहालों व महिलाओं पर मंडरा रहा खतरा
🔳वन विभाग की कार्यप्रणाली पर लोगों में नाराजगी
🔳गुलदार की घुसपैठ रोकने को नहीं उठाए जा रहे ठोस कदम
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांवों में लगातार बढ़ रही गुलदार की आवाजाही से बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों के सैकड़ो बाशिंदे खौफजदा हैं। आए दिन गांवों के नजदीक तक गुलदार देखें जाने से अनहोनी का अंदेशा बना हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है की वन विभाग लापरवाही पर आमदा है। गांवों में दहशत का माहौल है बावजूद वन विभाग की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही।
ब्लॉक के तमाम गांवों में इन दिनों गुलदार की आवाजाही तेज हो गई है। कभी गांवों को जाने वाले रास्ते तो कभी आबादी के नजदीक तक गुलदार दिखने से गांवों में दहशत का माहौल बना है। हाइवे से सटे काकड़ीघाट क्षेत्र में युवक के मारे जाने के बाद से ही भय का माहौल बना हुआ। ब्लॉक के बुधलाकोट, बर्धो, सिल्टोना, ब्यासी, बारगल, कफूल्टा, छड़ा, लोहाली समेत तमाम गांवों में रोजाना गुलदार दस्तक दे रहा है बावजूद वन विभाग अनदेखी पर आमादा है। दीवान सिंह बिष्ट, चंद्र शेखर बुधलाकोटी के अनुसार स्कूली नौनिहालों व खेत पर काम करने को आवाजाही करने वाली महिलाओं पर खतरा बढ़ता ही जा रहा है। कभी भी बड़ी अनहोनी सामने आ सकती है पर सुध नहीं ली जा रही। गजेन्द्र सिंह, गोविन्द नेगी, कुलदीप सिंह, आंनद सिंह, विनोद मेहरा, अजय पनौरा आदि गांवों में लगातार तेज हो रही गुलदार की आवाजाही रोकने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।




