🔳प्रतिवर्ष शुल्क अदायगी के बावजूद नहीं मिल रही सुविधा
🔳व्यापारी खुद बाजार की साफ सफाई को मजबूर
🔳पर्यावरण मित्र की तैनाती किए जाने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित कैंची बाजार क्षेत्र में सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। बाजार में बजबजा रही गंदगी से देश विदेश से कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में जिला पंचायत से पर्यावरण मित्र की तैनाती किए जाने की मांग उठाई है।
हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम में रोजाना देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए तमाम व्यवस्थाएं बनाई है पर बाजार क्षेत्र में व्यवस्थाओं का अभाव है। स्थानीय व्यापारी जिला पंचायत को प्रतिवर्ष शुल्क की अदायगी करते हैं बावजूद सफाई व्यवस्था को कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। व्यापारी खुद ही बाजार क्षेत्र में साफ सफाई को मजबूर हैं। व्यवस्था न होने से सफाई व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। स्थानीय व्यापारी गिरीश तिवारी, भुवन तिवारी, दिनेश तिवारी, रमेश किरौला के अनुसार शुल्क देने के बावजूद एक भी पर्यावरण मित्र की तैनाती न होने से व्यवस्था बदहाल है। व्यापारियों ने बाजार क्षेत्र में दो पर्यावरण मित्रों की तैनाती किए जाने की मांग उठाई है।




