🔳दर्द से कराहती रही गर्भवती महिला, अन्य मरीज रहे परेशान
🔳दोपांखी क्षेत्र में डेढ़ घंटे फंसे रहे आपातकालीन 108 वाहन
🔳खैरना पुलिस की टीम ने बामुश्किल एंबुलेंसो को निकलवाया
🔳अव्यवस्था पर व्यापारियों ने जताई गहरी नाराजगी
🔳आपातकालीन वाहनों को जाम में न फंसने देने की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर दोपांखी क्षेत्र में हाइवे चौड़ीकरण कार्य के दौरान लग रहा जाम परेशानी का सबब बन चुका है। अव्यवस्था हावी होने से यात्री परेशान हैं। मरीजों को हायर सेंटर ले जा रहे आपातकालीन 108 के तीन वाहन भी घंटों जाम में फंसे रहे। खैरना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच तीनो वाहनों को बामुश्किल निकलवाया।
हाइवे पर दोपांखी क्षेत्र में थुआ की पहाड़ी काट हाइवे चौड़ीकरण का कार्य गतिमान है। चौड़ीकरण के कार्य में जहां सुरक्षा मानकों की धज्जियां उड़ाई जा रही है वहीं जाम बड़ी समस्या बन चुका है। शनिवार को रानीखेत, अल्मोडा़ व बेतालघाट से मरीजों को हायर सेंटर हल्द्वानी ले जा रहे आपातकालीन 108 सेवा के तीन वाहन भी जाम में फंस गए। वाहन में मरीजों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। रानीखेत से हल्द्वानी जा रही गर्भवती भी दर्द से कराहती रही। वाहन चालकों ने आपातकालीन सेवा का हवाला दे जाम खोलने को भी कहा पर अनसुनी कर दी गई। तीन एंबुलेंस के जाम में फंसने की सूचना पर चौकी प्रभारी दिलीप कुमार मय टीम मौके पर पहुंचे। लगभग डेढ़ घंटे से भी अधिक समय से जाम में फंसे दोनों वाहनों को बामुश्किल जाम से निकलवा गंतव्य की ओर रवाना किया। स्थानीय व्यापारियों ने लगातार जाम लगने से गहरी नाराजगी जताई है। व्यापारी नेता गजेन्द्र नेगी, मनीष तिवारी, फिरोज अहमद, मनोज नैनवाल आदि ने आपातकालीन वाहनों को जाम में न फंसने देने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।




