◾डेढ़ घंटे तक हाइवे पर लगी रही वाहनों की कतार
◾निर्माण सामग्री से लदा डंपर भोर्या बैंड क्षेत्र में हुआ खराब
◾डंपर के हटने के बाद बामुश्किल सुचारु हुआ यातायात
◾आवाजाही शुरु होने के बाद यात्रियों ने ली राहत की सांस
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर भोर्या बैंड क्षेत्र में निर्माण सामग्री से लदे डंपर में तकनीकी खराबी आने से डंपर हाइवे के बीचोबीच खड़ा हो गया। करीब डेढ़ घंटे तक हाइवे पर यातायात भी ठप रहा। आवाजाही करने वाले यात्री व स्कूली बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ा। डेढ़ घंटे बाद बामुश्किल आवाजाही सुचारु हो सकी।
गुरुवार को खस्ताहाल हो चुके हाइवे पर आवाजाही ठप होने से यातायात प्रभावित हो गया। स्कूली बच्चों व यात्रियों से भरे छोटे बडे़ वाहनों की कतार लग गई। निर्माण सामग्री लेकर अल्मोड़ा की ओर जा रहे डंपर यूके 04सीबी 1090 के भोर्या बैंड क्षेत्र में हाइवे के बीचोबीच खराब हो जाने से स्थिति बिगड़ गई। वाहन चालक ने मरम्मत का प्रयास किया पर तकनीकी खराबी दूर न हो सकी। जाम लगने से यात्रियों ने रोष जताया। हाइवे के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतार लगती चली गई। अतिसंवेदनशील थुआ की पहाड़ी के ठिक नीचे वाहनों की कतार से खतरा भी बढ़ गया। भुजान क्षेत्र से पहुंच मैकेनिक ने बामुश्किल तकनीकी खराबी दूर की तब डंपर हाइवे से किनारे लगाया जा सका। डेढ़ घंटे बाद बामुश्किल यातायात सुचारु ही हो सका था की जल्दी निकलने के फेर में छोटे वाहन चालकों ने वाहन आड़े तिरछे खड़े कर दिए जिस कारण एक बार फिर जाम की स्थिति पैदा हो गई। यात्रियों ने बामुश्किल यातायात सुचारु करवाया।




