◾कार्ड न बन पाने से मायूस होकर वापस लौट रहे ग्रामीण
◾दस से ज्यादा गांवो में लगाए गए हैं विशेष शिविर
◾रोजाना चार – पांच आयुष्मान कार्ड ही किए जा रहे तैयार
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
गांवो में आयुष्मान भव: योजना के तहत लगे शिविरों में आयुष्मान कार्ड बनाने पहुंच रहे लोगों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है। बेतालघाट ब्लॉक के लगभग दस से ज्यादा गांवो में शिविर लगाए गए हैं। शिविर में रोजाना चार – पांच कार्ड ही तैयार किए जा रहे हैं। चिकित्सा प्रभारी डा सतीश पंत के अनुसार सर्वर की परेशानी से कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रयास किया जा रहा है की शत-प्रतिशत लोगों के कार्ड तैयार किए जा सकें।
सरकार योजनाएं तो खूब बना रही है पर पर्वतीय क्षेत्र के गांवों में योजनाओं का दम फूल जा रहा है। केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी आयुष्मान भव: योजना के तहत गांवो में विशेष शिविर लगाकर ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने का लक्ष्य तैयार किया गया है। पूर्व में जिम्मा सीएससी संचालक संभाल रहे थे पर लोगों को कार्ड तैयार करवाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग ने व्यवस्था में बदलाव कर सीएचओ व फार्मासिस्टों को जिम्मेदारी दी। उम्मीद थी की आसानी से लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा सकेंगे। बकायदा सीएचसी गरमपानी में प्रशिक्षण कार्यक्रम के जरिए लक्ष्य भी तय कर दिए गए। दस ज्यादा गांवों में कार्य शुरु भी कर दिया गया बावजूद लोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। सर्वर के ठीक ढंग से कार्य न करने से रोजाना चार – पांच ही कार्ड बनाए जा रहे हैं। कार्ड न बन पाने से तमाम लोगों को मायूस होना पड़ रहा है। गजेंद्र नेगी, गोविंद सिंह, मनीष तिवारी, फिरोज अहमद, विरेंद्र सिंह आदि ने व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई है ताकि लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। सीएचसी गरमपानी के चिकित्सा प्रभारी डा. सतीश पंत के अनुसार शत प्रतिशत लोगों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए गए हैं। सर्वर के कार्य न करने से कार्य प्रभावित हो रहा है। प्रयास किया जा रहा है कि अधिक से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड तैयार किए जा सकें।




