◾बेहतर शिक्षा के अभाव में गांव छोड़ने को मजबूर हुए ग्रामीण
◾जीआइसी धनियाकोट में प्रधानाचार्य समेत महत्वपूर्ण शिक्षकों के पद रिक्त
◾पीटीए अध्यक्ष ने लगाया शिक्षा विभाग पर उपेक्षा का आरोप
◾जल्द शिक्षकों की तैनाती न होने पर धरने पर बैठने का ऐलान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक के तमाम विद्यालय शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। अस्थाई प्रधानाचार्य के भरोसे विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं बावजूद शिक्षा विभाग सुध नहीं ले रहा। जीआइसी धनियाकोट में प्रधानाचार्य समेत कई शिक्षकों के पद रिक्त होने से शिक्षक अभिभावक संघ अध्यक्ष ने गहरी नाराजगी जताई है। जल्द शिक्षकों की तैनाती न होने पर अभिभावकों संग विद्यालय परिसर में ही धरने पर बैठने का ऐलान कर दिया है।
ब्लॉक के तमाम गांवों में स्थित विद्यालयों में शिक्षकों की भारी कमी है। प्राथमिक, जूनियर व इंटर कालेजों में महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के न होने से नौनिहालों का भविष्य अंधकारमय बना हुआ है। बच्चों को बेहतर शिक्षा न मिलने से गांवों के लोग गांव छोड़कर शहरों को रुख करने को मजबूर हो चुके हैं। धनियाकोट गांव में स्थित जीआइसी में आसपास के गांवों से लगभग 234 से अधिक नौनिहाल शिक्षा लेने पहुंचते हैं पर विद्यालय में भूगोल व राजनैतिक विज्ञान के प्रवक्ता का पद पिछले एक वर्ष से भी अधिक समय से रिक्त हैं। विद्यालय में प्रधानाचार्य का पद भी रिक्त हैं बामुश्किल प्रभारी प्रधानाचार्य के भरोसे व्यवस्था संचालित की जा रही है। एलटी में भी विज्ञान विषय के शिक्षक का पद रिक्त हैं। शिक्षक अभिभावक संघ अध्यक्ष कृपाल सिंह मेहरा ने आरोप लगाया है की रिक्त पदों पर तैनाती की मांग उठाए जाने के बावजूद शिक्षा विभाग अनदेखी पर आमादा है। कृपाल सिंह ने जल्द शिक्षको समेत स्थाई प्रधानाचार्य की तैनाती न होने पर अभिभावकों संग विद्यालय परिसर में ही धरने पर बैठने का ऐलान किया है।

error: Content is protected !!