◾हाइवे पर बरसाती नालों पर जान जोखिम में डाल उतर रहे पर्यटक
◾बारिश होने पर एकाएक बढ़ जाता है नाले का उफान
◾व्यापारियों ने चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर जगह जगह बहने वाले बरसाती नालों पर पर्यटक खतरे को दरकिनार कर नहाने व सेल्फी लेने उतर जा रहे हैं। बरसाती नाले के उफान पर आने भी कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है। बावजूद पर्यटक छोटे छोटे मासूम बच्चों के साथ नाले के बीचोंबीच तक पहुंच जा रहे हैं। व्यापारी नेताओं ने खतरे वाले स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
हाइवे के समीप बहने वाली शिप्रा व कोसी नदी में गहराई व खतरे वाले स्थानों पर पुलिस प्रशासन की सख्ती के बाद आवाजाही प्रतिबंधित होने के बाद अब पर्यटक बरसाती नालों को रुख करने लगे हैं। खतरे को दरकिनार कर पर्यटक छोटे छोटे बच्चों के साथ बरसाती नालों के बीचों बीच तक पहुंच सेल्फी में व्यस्त हो जा रहे हैं वहीं कई पर्यटक खतरा उठाकर नहाने उतर जा रहे हैं। रामगढ़ क्षेत्र से बहकर आने वाले इन बरसाती नालों में बारिश होने पर एकाएक बहाव तेज हो जाता है बावजूद खतरे से अंजान पर्यटक जान जोखिम में डाल नालों के बीचों बीच तक पहुंच रहे हैं। व्यापारी नेता गजेंद्र नेगी, विरेंद्र सिंह बिष्ट, मनोज नैनवाल, राकेश जलाल, फिरोज अहमद, मनीष तिवारी आदि ने हाइवे पर बहने वाले बरसाती नालों पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की मांग उठाई है ताकि किसी भी बड़े हादसे को टाला जा सके।




