◾शिक्षकों के इंतजार में पथरा गई नौनिहालों की आंखे
◾महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के साथ ही प्रधानाचार्य का पद भी रिक्त
◾पीटीए अध्यक्ष ने किया विद्यालय परिसर में ही धरने का ऐलान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

गांवों में स्थित विद्यालय शिक्षको की कमी से जूझ रहे हैं बावजूद कोई सुधलेवा नहीं है। शहीद चंदन सिंह भंडारी राजकीय इंटर कॉलेज सिमलखा में महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं के पद के साथ स्थाई प्रधानाचार्य का पद तक रिक्त हैं। ग्रामीण लगातार शिक्षकों की तैनाती की मांग उठा रहे हैं पर सुध नहीं ली जा रही। शिक्षक अभिभावक संघ अध्यक्ष इंदर सिंह बोहरा ने अब अभिभावकों को साथ लेकर विद्यालय परिसर में ही धरने की चेतावनी दे दी है।
तमाम गांवों के मध्य में स्थित शहीद चंदन सिंह भंडारी राजकीय इंटर कॉलेज सिमलखा में आसपास के गांवों के लगभग दो सौ से ज्यादा नौनिहाल शिक्षा लेने पहुंचते हैं। विद्यालय में महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के पद रिक्त होने से नौनिहाल भी मायूस हैं। विद्यालय में अर्थशास्त्र, भूगोल तथा राजनीति विज्ञान के प्रवक्ताओं के पद लंबे समय से रिक्त हैं। शिक्षकों के इंतजार में नौनिहालों की आंखें पथरा गई है। कारगिल शहीद के नाम से पहचान रखने वाले विद्यालय में प्रधानाचार्य तक का पद रिक्त पड़ा हुआ है। अस्थाई प्रधानाचार्य के भरोसे विद्यालय संचालित किया जा रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है की लगातार प्रधानाचार्य समेत रिक्त पदों पर तैनाती की मांग उठाए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। लगातार उपेक्षा की जा रही है। शिक्षक अभिभावक संघ अध्यक्ष इंदर सिंह बोहरा ने मामले में गहरी नाराजगी जताई है। दो टूक ऐलान किया की यदि जल्द शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई तो फिर अभिभावकों को साथ लेकर विद्यालय परिसर में ही धरना शुरु कर दिया जाएगा।

error: Content is protected !!