◾जगह जगह गहराई दरारें दे रही बड़ी घटना का संकेत
◾विद्यालय में अध्ययनरत नौनिहालो व शिक्षकों पर मंडराया खतरा
◾दरारें गहराने से सख्ते में आया विद्यालय प्रबंधन
◾प्राचार्य ने जताई चिंता, उच्चाधिकारियों को पत्राचार का दावा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाडी़) के परिसर में दरारें गहराने से परिसर खतरे की जद में आ गया है। विद्यालय में जगह जगह दीवारों व फर्श पर लंबी चौड़ी दरारें गहराने से कभी भी बड़ी घटना सामने आने का अंदेशा बना हुआ है। विद्यालय के प्राचार्य पीसी उपाध्याय के अनुसार दरारें चिंता का विषय बन रही है। कहा की जल्द उच्चाधिकारियों को पत्राचार किया जाएगा।
हाइवे पर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय गंगरकोट (सुयालबाडी़) के परिसर में जगह जगह दरारें चौड़ी हो गई है। प्रधानाचार्य कक्ष, आवास के साथ ही कक्षा कक्षों व आवासीय परिसर को जाने वाले रास्ते पर दरारें साफ दिख रही है। हालांकि विद्यालय प्रबंधन ने दरारों को रोकने के लिए मरम्मत भी करवाई पर अब एक बार फिर दरारें गहराने लगी है। विद्यालय में करीब 400 से ज्यादा नौनिहाल अध्ययनरत जबकि दो दर्जन से ज्यादा शिक्षक व कार्यालय कर्मचारी भी परिसर में रहते है। जगह जगह दरारे बढ़ने से खतरा भी बढ़ता ही जा रहा है। लगातार दरारें बढ़ने से विद्यालय प्रबंधन भी सख्ते में है। स्टाफ कक्ष के समीप भूधंसाव भी होने लगा है। पूर्व में तत्कालीन प्राचार्य राज सिंह के कार्यकाल में दरारें दिखने पर विद्यालय का भूगर्भीय सर्वे भी कराया जा चुका है बावजूद विद्यालय पर मंडरा रहे खतरे को टालने के लिए ठोस प्रबंध नहीं किए जा सकें। सर्वे रिपोर्ट महज फाइलों में कैद होकर रह गई। अब एक बार फिर परिसर में दरारें बढ़ने से कभी भी बड़ी घटना का अंदेशा बना हुआ है। विद्यालय के प्राचार्य पीसी उपाध्याय के अनुसार कई जगह दरारें साफ दिख रही है। कई जगह जमीन धंस भी रही है। ऐसे में परिसर को खतरा होना लाजिमी है। कहा की जल्द उच्चाधिकारियों को भी मामले से अवगत करा पत्राचार किया जाएगा।




