◾भारी भरकम जनरेटर को दूसरे स्थान पर रखने के दौरान हुआ हादसा
◾ छडा़ गांव निवासी मृतक हॉटमिक्स प्लांट में था कार्यरत
◾घटना के बाद मशीन का आपरेटर मौके से फरार
◾पुलिस ने पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम को भेजा

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर स्थित हाटमिक्स प्लांट में हाइड्रा मशीन के पलटने से चपेटे में आए ग्रामीण की मौत हो गई। घटना से हड़कंप मच गया। मशीन का आपरेटर व अन्य कर्मचारी मौके से फरार हो गए। घटना से स्थानीय ग्रामीणों का पारा चढ़ गया। क्षेत्रवासियों ने मृतक के स्वजनों को मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए नैनीताल भेज दिया है।

हाईवे पर छड़ा बाजार के समीप शुक्रवार को हॉटमिक्स प्लांट में कर्मचारी हाइड्रा मशीन की मदद से जनरेटर को एक स्थान से दूसरे स्थान पर रखने का कार्य कर रहे थे कि तभी मशीन असंतुलित हो गई। संतुलन बिगड़ने से मशीन हाईवे के समीप प्लांट क्षेत्र में पलट गई जबकि जनरेटर भी हाईवे पर गिर गया। मशीन पलटने से हॉटमिक्स प्लांट में कार्यरत छड़ा गांव निवासी जीवन सिंह पुत्र बचे सिंह (50) चपेट में आ गए। कर्मचारी के मशीन की चपेट में आने से हड़कंप मच गया। मशीन का आपरेटर व अन्य कर्मचारी मौके से फरार हो गए। वाहनों की आवाज ठप हो गई। हाईवे पर वाहनों की कतार लगने से छड़ा बाजार के व्यवसाय नंदन सिंह मौके पर पहुंचे। जीवन सिंह को जमीन पर गिरा देख नंदन सिंह के पैरों तले जमीन खिसक गई। घटना की सूचना आसपास के लोगों को दी गई। बाजार के व्यापारी भी मौके पर पहुंचे और निजी वाहन से जीवन सिंह को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने जीवन सिंह को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों के अनुसार जीवन सिंह हॉट मिक्स प्लांट में देखरेख का कार्य करते थे। घटना के बाद कर्मचारियों के फरार होने से ग्रामीणों ने गहरी नाराज की जताई। आरोप लगाया कि यदि जीवन सिंह को समय पर अस्पताल पहुंचा दिया गया होता तो शायद जीवन सिंह की जिंदगी बच जाती। ग्रामीणों ने कार्यकारी संस्था के खिलाफ कार्रवाई किए जाने तथा मृतक के स्वजनों को मुआवजा देने की पुरजोर मांग उठाई।इस दौरान नंदन सिंह, विक्रम सिंह, महेंद्र सिंह, दीवान सिंह, हीरा सिंह, राजेंद्र सिंह, आनंद सिंह आदि ग्रामीण मौजूद रहे। चौकी पुलिस खैरना ने भी अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई।अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर यातायात भी सुचारु कराया।

error: Content is protected !!