◾सड़क से सटकर खड़ी की जा रही बड़ी बड़ी दीवारे
◾उच्च न्यायालय के आदेश की भी की जा रही अनदेखी
◾ खुलेआम हो रहे निर्माण के बावजूद जिम्मेदारों की नहीं टूट रही नींद
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
उच्च न्यायालय के आदेश के बाद जहां एक ओर व्यापारियों ने सड़क किनारे से खुद ही अतिक्रमण हटा लिए वहीं कंक्रीट के जंगल में तब्दील हो रहे हरतोला क्षेत्र में न्यायालय के आदेशों को धता बताकर धड़ल्ले से सड़क किनारे निर्माण बदस्तूर जारी है। हालत यह है की मुख्य सड़क पर ही धड़ल्ले से निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। बावजूद जिम्मेदार अनदेखी पर आमादा है।
बीते दिनों उच्च न्यायालय ने सड़कों के किनारे से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। न्यायालय के आदेश का सम्मान कर तमाम क्षेत्रों में लोगों ने सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाना शुरु कर दिया। अब भी लोग अतिक्रमण हटाने में जुटे हैं पर रामगढ़ ब्लॉक के हरतोला क्षेत्र कुछ और ही हकीकत बंया कर रहा है। बेतरतीब निर्माण कार्यों की बाढ़ में अब तमाम गांवों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण रुपसिंह धूरा – हरतोला – नथुआखान मोटर मार्ग चपेट में आ गया है। सड़क से अतिक्रमण हटाना तो दूर यहां धड़ल्ले से सड़क से सटकर बड़ी बड़ी दीवारें खड़ी कर दी गई है। बड़ी बढ़ीं दीवारों का निर्माण कार्य बदस्तूर जारी है। सड़क से सटकर किए जा रहे निर्माण से मोटर मार्ग भी संकरा हो चुका है। बावजूद जिम्मेदार अधिकारी अनदेखी पर आमादा है। न्यायालय के आदेश के बावजूद सड़क से सटकर किए जा रहे निर्माण कार्यों से तमाम गंभीर सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
