◾बाल बाल बची वाहन चालक की जिंदगी
◾तीखे ढलान पर वाहन के हुए ब्रेक फेल
◾ खैरना पुलिस ने राजमार्ग पर सुचारू कराया यातायात
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर पिकअप वाहन दोपांखी क्षेत्र में हाइवे पर ही पलट गया। संयोगवश वाहन चालक की जिंदगी बाल बाल बच गई। आवाजाही करने वाले लोगो ने वाहन के अंदर फंसे चालक को बामुश्किल बाहर निकाला। कुछ देर आवाजाही भी ठप रही। खैरना चौकी पुलिस ने यातायात सुचारु करवाया।
तरकी दादरी, हरियाणा निवासी नरेश कुमार वाहन एचआर 66बी – 7658 में एक कंपनी का सामान लेकर हरियाणा से बाडेछिना (अल्मोड़ा) की ओर रवाना हुआ। रविवार को अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर दोपांखी क्षेत्र में तीखी ढलान पर एकाएक वाहन के ब्रेक ने काम करने बंद कर दिए। नतीजतन वाहन असंतुलित होकर थुआ की पहाड़ी से टकराकर हाइवे पर ही पलट गया। वाहन के पलटने से हड़कंप मच गया तथा हाईवे पर आवाजाही भी ठप हो गई। आवाजाही कर रहे वाहन चालकों व यात्रियों ने वाहन के अंदर फंसे दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक नरेश को बामुश्किल बाहर निकाला। संयोगवश चालक को मामूली चोट पहुंची। सीएचसी में उपचार को भेजा गया। सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस खैरना ने हाइवे पर यातायात सुचारु कराया।
