◾ परिजनों को थाणे रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की दी गई जानकारी
◾ घटना से परिवार में मचा कोहराम, गांव के लोग भी स्तब्ध
◾ घटना के 26 दिन बाद सूचना देने पर खडे़ हुए गंभीर सवाल
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के धनियाकोट गांव निवासी युवक की मुंबई में संदिग्ध हालत में मौत की सूचना से हड़कंप मच गया है। परिजनों को मुंबई में रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने की सूचना मिली है। मृतक के जीजा मुंबई रवाना हो गए हैं। घटना की सूचना के बाद से ही मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
धनियाकोट निवासी अरविंद सिंह (26) पुत्र पूरन सिंह पिछले कई वर्षों से मुंबई में एक होटल में कार्यरत था। बेहद हंसमुख व मिलनसार स्वभाव का अरविंद छह माह पूर्व घर भी आया था। कुछ दिन रुकने के बाद वह वापस मुंबई रवाना हो गया। बीते बुधवार को राजस्व उपनिरीक्षक धनियाकोट मोहम्मद शकील ने मुक्तेश्वर पुलिस से मिली सूचना के आधार पर प्रधान प्रतिनिधि लाभांशु सिंह को धनियाकोट निवासी अरविंद की मुंबई में रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की जानकारी दी। लाभांशु सिंह ने सूचना परिजनों तक पहुंचाई तो हड़कंप मच गया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। बेटे की मौत से बिलखते पिता पूरन सिंह ने बेटे की मौत को संदिग्ध करार दे जांच की मांग उठाई है। पूरन सिंह के अनुसार बेटे का शव सात अप्रैल को शव थाणे स्थित रेलवे ट्रैक पर मिलने की बात कही जा रही है जबकि सूचना तीन मई को दी जा रही है। लंबे अंतराल में सूचना देना समझ से परे है। कहा की आखिरकार 26 दिनों तक घटना की जानकारी क्यो नही दी गई। इधर घटना से गांव के वासिंदे भी स्तब्ध हैं। मृतक मां बाप का इकलौता पुत्र था। गांव के राजेंद्र सिंह समेत कई ग्रामीणों ने भी मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के जीजा मुंबई रवाना हो गए हैं।