Breaking-News

= सिंचाई विभाग को दिए जाएंगे चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के निर्देश
= गहराई वाले स्थानों पर नहाना किया जा सकता है प्रतिबंधित

(((सुनील मेहरा/पंकज भट्ट/अंकित सुयाल की रिपोर्ट)))

हाईवे के समीप बहने वाली कोसी नदी पर डूब कर मरने की घटनाओं से अब कुमाऊं आयुक्त गंभीर हो गए है। आयुक्त के निर्देश पर सिंचाई विभाग चेतावनी बोर्ड लगा खतरे वाले स्थानो पर नहाना प्रतिबंधित करेगा। ऐसा होने से निश्चित रूप से कोसी नदी में डूबने की घटनाओं पर कमी आएगी।
हाईवे के समीप बहने वाली कोसी नदी पर गहराई व भंवर का सही अंदाजा ना होने के चलते पर्यटक व हाईवे पर आवाजाही करने वाले लोग छोटे-छोटे बच्चों के साथ नदी के बीचो-बीच तक पहुंच जाते हैं। करीब दो दर्जन से ज्यादा लोग मौत के गाल में समा चुके हैं। उसके बाद भी लगातार लोग खतरे को दरकिनार कर लगातार नहाने उतर रहे हैं। बीते शनिवार को हल्दुचौड़ निवासी युवक की डूबने से मौत हो चुकी है। कोसी नदी क्षेत्र में क्वारब, सुयालबाडी़, काकडी़घाट, नावली, लोहाली, जौरासी, भोर्या बैंड, खैरना, दोपांखी,भुजान आदि तमाम खतरनाक स्थानों पर लोग खतरे की अनदेखी कर धड़ल्ले से नदी क्षेत्र में नहाने उतर जाते हैं ऐसे में खतरा कई गुना बढ़ गया है अब मामले की गंभीरता को देख कुमाऊं आयुक्त अरविंद सिंह हंयाकी ने मामले का संज्ञान ले लिया है। कुमाऊं आयुक्त के अनुसार जल्द कोसी नदी पर खतरे वाले स्थानों को चिन्हित कर सिंचाई विभाग को चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के निर्देश दिए जाएंगे। भंवर व अधिक गहराई वाले स्थानों पर नहाना प्रतिबंधित भी किया जाएगा ताकि घटनाएं टाली जा सके। लंबे समय से स्थानीय लोग भी चेतावनी बोर्ड लगाने तथा गहराई वाले स्थानों पर जाना प्रतिबंधित किए जाने की मांग उठा रहे थे पर अब कुमाऊं आयुक्त के संज्ञान लेने पर लोगों को भी उम्मीद जगी है।