= दो वाहनों की आमने सामने भिड़ंत से लगा जाम
= यात्रियों ने झेली परेशानी, अस्थाई रास्ता बना शुरू किया गया यातायात
= मर्नसा में हुई दुर्घटना में बाल-बाल बच गए दोनों वाहनो के चालक
(((अंकित सुयाल/कुबेर जीना की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा भवाली राजमार्ग पर मर्नसा क्षेत्र में दो वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। संयोगवश दोनों वाहनों के चालक बाल-बाल बच गए और बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना के बाद हाइवे पर भीषण जाम लग गया। करीब तीन घंटे तक आवाजाही ठप रही। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में जेसीबी मशीन की मदद से अस्थाई रास्ता तैयार किया गया तब जाकर यातायात सुचारू हुआ।
बेतालघाट निवासी भुवन मंगलवार को बेतालघाट से डंफर यूके04 सीबी 2202 में निर्माण सामग्री ले अल्मोड़ा की ओर रवाना हुआ। हाईवे पर मर्नसा के समीप पहुंचा ही था कि विपरीत दिशा से तेज रफ्तार आ रहे डंपर यूके01सीए 0854 ने उसे सामने से जोरदार टक्कर मार दी। दोनों वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत से हड़कंप मच गया। आवाजाही कर रहे लोगों ने दोनो वाहनों के अंदर फंसे चालकों को बाहर निकाला। संयोगवश दोनों को मामूली चोट पहुंची और बड़ा हादसा टल गया। दोनों वाहनों के हाईवे के बीच भिड़ंत से दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। वाहन हाईवे पर रेंगते रहे। बाद में लोडर मशीन की मदद से अस्थाई रास्ता तैयार किया गया तब जाकर बमुश्किल आवाजाही सुचारू हुई।