◾छोटे-छोटे बच्चों तक नदी के बीचो-बीच ले जाकर उठा रहे खतरा
◾ पूर्व में कई लोग नदी में डूब कर गंवा चुके हैं जान
◾पुलिस प्रशासन ने लगाए हैं चेतावनी बोर्ड बावजूद मनमानी जारी
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
तपिश बढ़ने के साथ ही पर्यटक कोसी नदी की ओर रुख करने लगे हैं। गहराई वाले स्थानों पर पहुंचकर खतरे के बीच डुबकी लगा रहे हैं जिससे जिंदगी पर खतरा बढ़ता ही जा रहा है हालांकि पुलिस प्रशासन ने जगह-जगह चेतावनी बोर्ड भी लगाए हैं बावजूद पर्यटक नदी में गोता लगा खतरे की ओर बढ़ रहे हैं।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे के समीप बहने वाली कोसी नदी में दो दर्जन से अधिक लोग डूबकर मारे जा चुके हैं। खतरे व भंवर वाले स्थानों नदी में नहाते समय डूबने से कई लोग मौत की गोद में समा चुके हैं। अब गर्मी बढ़ने से एक बार फिर हाईवे पर आवाजाही कर रहे पर्यटक खतरे वाले स्थानों पर उतर गहराई तथा भंवर वाले स्थानों पर नदी में उतर जा रहे हैं। बेपरवाह पर्यटक बच्चों व महिलाओं के साथ नदी के बीचो-बीच तक पहुंच जा रहे हैं जिससे खतरा लगातार बढ़ते ही जा रहा है हालांकि पुलिस प्रशासन ने लोगों को जागरुक करने के लिए जगह जगह चेतावनी बोर्ड भी लगाए हैं बावजूद पर्यटक नियमों की अनदेखी कर गहराई व भंवर वाले स्थानों पर नहाने पहुंच रहे हैं। पुलिस कई लोगों का चालान भी कर चुकी है बावजूद काकड़ीघाट, नावली, जौरासी, लोहाली आदि क्षेत्रों में लोग खुलेआम नदी में नहाने उतर रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से पर्यटकों की जिंदगी पर मंडरा रहे खतरे को टालने के लिए सख्त कदम उठाए जाने की मांग उठाई है।
