◾ होम स्टे संचालको व व्यापारियों को रेट लिस्ट चस्पा करने के निर्देश
◾कैंची धाम में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद करने को हरकत में जिला प्रशासन
◾ जिलाधिकारी ने लिया विभागीय अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

सुप्रसिद्ध आस्था के केंद्र कैंची धाम क्षेत्र में व्यवस्थाएं चाक-चौबंद किए जाने को लेकर जिला प्रशासन भी एक्टिव मोड पर आ गया है। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल ने कैंची धाम पहुंचकर मताहतों को जरुरी दिशा निर्देश दिए। एसडीएम को होम स्टे संचालकों तथा अन्य व्यापारियों को संस्थान में रेट लिस्ट चस्पा करवाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के अनुसार शिप्रा नदी में मंदिर में प्रवेश को जल्द वैली पुल का निर्माण भी करवाया जाएगा ताकि आवाजाही में श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
गुरुवार को जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित कैंची धाम पहुंचे। व्यवस्थाओं का जायजा ले विभागीय अधिकारियों को विभिन्न दिशा निर्देश दिए। शिप्रा नदी पर मंदिर को जाने वाली पुल की मरम्मत तथा नए वैली पुल निर्माण शुरु कराए जाने को कहा। बताया की इसके लिए डेढ़ लाख रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं। एसडीएम पारितोष वर्मा को क्षेत्र में स्थित सभी पंजीकृत होम स्टे व दुकानों में रेट लिस्ट चस्पा करवाए जाने को कहा अनियमितता पर कार्रवाई के निर्देश दिए। एसएसपी पंकज भट्ट के साथ क्षेत्र में बनाई गई अस्थाई पुलिस चौकी का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी धीराज सिंह गर्ब्याल के अनुसार कैंची धाम में मास्टर प्लान के तहत सुविधाएं विकसित की जाएगी। जिलाधिकारी ने मंदिर प्रंबधन के प्रदीप साह भय्यू से भी तमाम अहम बिंदुओं पर चर्चा की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी शिवचरण द्विवेदी, प्रभागीय वनाधिकारी चंद्रशेखर जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी बृजेन्द्र पांडे, लोनिवि के अधिशासी अभियंता एमएस पुंडीर, एसपी सिटी जगदीश चंद्र, एआरटीओ रश्मि भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष भवाली संजय वर्मा, दिलीप कुमार, कृष्णा गिरी आदि मौजूद रहे।