Breaking-News

= जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू न करने पर आंदोलन का ऐलान
= पानी को तरस रहे हैं गंगोरी के वासिंदे

(((कुबेर सिंह जीना की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे गंगोरी गांव की महिलाओं का सब्र एक बार फिर जवाब दे गया। पानी ना मिलने से महिलाओं ने जल संस्थान के खिलाफ नारेबाजी की। दबंगों पर गांव का पानी रोकने का आरोप भी लगाया। दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।

गंगोरी गांव के करीब तीस से ज्यादा परिवारों को कासिमगाढ़ पेयजल योजना से पानी की आपूर्ति की जाती है पर बीते एक वर्ष से ग्रामीण पानी के लिए तरस रहे हैं। ऐसे में डेढ़ किलोमीटर दूर मर्नसा स्थित प्राकृतिक जल स्रोत से पानी ढोना मजबूरी बन चुका है। लगातार आवाज उठाए जाने के बावजूद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही। बारिश में भी गांव के लोग पानी ढोने को मजबूर हैं। पानी ढोना ही ग्रामीणों की दिनचर्या बन गई है। कई बार मजबूरी में बरसात का पानी भी इस्तेमाल करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि समुचित पानी होने के बावजूद गांव तक पानी नहीं पहुंचाया जा रहा। दबंग पानी रोक दे रहे हैं। जिसके चलते लोग परेशान हैं। गुरुवार को महिलाओं ने खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द पेयजल आपूर्ति सुचारू नहीं की गई तो आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान सरिता आर्या, भावना देवी, राधा देवी, अंकिता आर्या, सरूली देवी, लीला देवी, पूजा आर्या, नीमा देवी, कमला देवी, जयेश, पूरन चंद्र आदि मौजूद रहे।