= शहीद बलवंत सिंह भुजान वर्धो मोटर मार्ग पर काली पहाड़ी के समीप मंडरा रहा खतरा
= रोजाना वाहनों में आ रही तकनीकी खराबी
= मार्ग को दुरुस्त न करने पर आंदोलन का ऐलान
(((हरीश कुमार/पंकज भट्ट/हरीश चंद्र/पंकज नेगी की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लाक मुख्यालय समेत तमाम गांवो को जोड़ने वाले शहीद बलवंत सिंह भुजान वर्धो मोटर मार्ग पर स्थित काली पहाडी़ के समीप मोटर मार्ग को दुरुस्त करने की मांग को लेकर वाहन स्वामी लामबंद होने लगे है। उक्त स्थान पर मार्ग के बदहाल होने से वाहनो में आ रही तकनीकी खराबी से वाहन स्वामियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। हादसे का जोखिम भी बढ़ गया है। मार्ग को दुरुस्त करने की मांग उठाई है। चेताया है की विभागीय लापरवाही भारी पड़ सकती है। कभी भी बडा़ हादसा सामने आ सकता है।
अक्टूबर में हुई मुसलाधार बारिश ने शहीद बलवंत सिंह भुजान वर्धो मोटर मार्ग को भारी नुकसान पहुंचाया करीब दो महीने तक मोटर मार्ग पर यातायात बाधित होने के बाद बमुश्किल आवाजाही सुचारू हो सकी पर मोटर मार्ग पर काली पहाड़ी के समीप खतरा बरकरार है। गांव के लोगों के साथ ही वाहन चालकों को भी जान जोखिम में डाल आवाजाही करनी पड़ रही है। खड़ी चढ़ाई के बाद तीखी ढलान में वाहन चलाने में तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बदहाल मार्ग से वाहनों में भी तकनीकी खराबी आ रही है जिस कारण वाहन स्वामियों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि आपदा को सात माह से भी अधिक का समय बीत चुका है बावजूद संबंधित विभाग काली पहाड़ी के समीप बदहाल मोटर मार्ग की सुध नहीं ले रहा। ऐसा लगता है मानो किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा हो। कोसी घाटी जन सेवा समिति के उपाध्यक्ष दयाल दरमाल, मदन सिंह, पंकज जैडा़, कुबेर सिंह दरमाल, भुवन सिंह, हरीश मेहरा, रतन वर्मा आदि ने मार्ग को दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
