= निस्तारण न होने से हाइवे किनारे बना है मलबे का पहाड़
= बारिश हुई तो मलबा बाजार क्षेत्र की दुकानों को कर सकता है नुकसान
= स्थानीय व्यापारी ने उठाई निस्तारण की मांग

(((हरीश कुमार/कमल बधानी/महेंद्र कनवाल की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर गरमपानी क्षेत्र में कैफे तथा पेट्रोल पंप निर्माण परिसर के समीप लगा मलबे का ढेर बड़ी परेशानी का सबब बन सकता है। बारिश होने पर मलबा बह कर बाजार क्षेत्र में तबाही मचा सकता है। अक्टूबर में हुई बारिश में भी मलबा कई घरों में घुसकर नुकसान पहुंचा चुका है अब एक बार फिर खतरा मंडरा रहा है।
मुख्यमंत्री घोषणा के तहत गरमपानी क्षेत्र में मल्टी स्टोरी पार्किंग व दुकानों का निर्माण स्वीकृत किया गया। कई हरे भरे पेड़ों की बलि दे दी गई पर एकाएक निर्माण कार्यों का स्वरूप बदल दिया गया। मल्टी स्टोरी पार्किंग तथा दुकानों के निर्माण के बजाय पेट्रोल पंप तथा कैफे प्रस्तावित कर दिया गया। पहाड़ी काट निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है पर अभी भी उक्त स्थान पर भारी मलबे का ढेर लगा हुआ है। अक्टूबर में हुई बारिश में भी इसी क्षेत्र से मलबा बहकर कई घरों में घुसा था अब भी मलबे से खतरा बना हुआ है। निस्तारण न होने से लोग डरे सहमे हैं। बारिश होने पर मलबा बाजार क्षेत्र में तबाही मचा सकता है। स्थानीय भैरव नैनवाल, मनोज नैनवाल, मुकेश त्रिपाठी, फिरोज अहमद, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, महिंदर सिंह, दयाल पिनारी, गोधन सिंह, कुंदन सिंह आदि लोगों ने मलबे का निस्तारण कर बाजार क्षेत्र में बंद पड़े कलमठों को भी खोले जाने की मांग उठाई है।