🔳अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भुजान से नौनिहालों का हो रहा मोहभंग
🔳महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों की गैरमौजूदगी पर उठाया कदम
🔳अगले सत्र में विद्यालय में छात्र संख्या और घटने की संभावना
🔳पहले 350 छात्र संख्या वाले विद्यालय में अब महज 266 विद्यार्थी

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

पर्वतीय क्षेत्रों में स्थित विद्यालय शिक्षकों की कमी से जूझ रहे हैं। महत्वपूर्ण विषयों के गुरुजनों के न होने से शिक्षा व्यवस्था चरमरा चुकी है। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज भुजान में पिछले एक वर्ष से भी अधिक समय से शिक्षकों की भारी कमी से नौनिहाल विद्यालय छोड़ दूसरे स्कूलों को रुख करने को मजबूर हो चुके हैं। कभी 350 से भी ज्यादा छात्र संख्या वाले विद्यालय में तेजी से छात्र संख्या घटती जा रही है। एक वर्ष के अंतराल में ही करीब 84 नौनिहाल दूसरे विद्यालय में दाखिला ले चुके हैं।

गांवों में स्थित विद्यालयों में शिक्षकों की कमी से शिक्षा व्यवस्था पटरी से उतर चुकी है। महत्वपूर्ण विषयों के अध्यापकों के न होने से नौनिहालों का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। अभिभावक लंबे समय से गुरुजनों की तैनाती की मांग भी उठाई रहे हैं बावजूद जिम्मेदारों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। रानीखेत खैरना स्टेट हाइवे पर स्थित राजकीय अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज भुजान में भी हालात विकट है। पिछले एक वर्ष से भी अधिक समय से विद्यालय में वाणिज्य विषय के दो, अंग्रेजी व हिंदी, कृर्षि, संस्कृत विषय के प्रवक्ता, एलटी में अंग्रेजी विषय के शिक्षक का पद रिक्त पड़ा हुआ है। प्रधानाचार्य का पद भी लंबे समय से रिक्त हैं। बामुश्किल प्रभारी प्रधानाचार्य के भरोसे विद्यालय संचालित किया जा रहा है। शिक्षको की कमी से आसपास के गांवों के नौनिहाल अब विद्यालय छोड़ने को मजबूर हो चुके हैं। पिछले एक वर्ष के अंतराल में ही करीब 84 नौनिहाल जीआइसी खैरना व रातीघाट में दाखिला ले चुके हैं। गांवों से दूर दाखिला लेने में नौनिहालों को काफी परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है। शिक्षकों की कमी से अगले सत्र में भी विद्यालय में छात्र संख्या कम होने का अंदेशा है। अभिभावकों व क्षेत्रवासियों ने विद्यालय की सुध न लेने पर शिक्षा विभाग के खिलाफ गहरी नाराजगी जताई है। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य भंवर सिंह के अनुसार पहले की अपेक्षा छात्र संख्या घटती जा रही है। शिक्षकों की तैनाती को उच्चाधिकारियों को पत्राचार किया जा चुका है।

error: Content is protected !!