🔳 बाइपास से सटे गांवों के लोग हो रहे परेशान
🔳 जाम के दाम से आवाजाही में करना पड़ रहा दिक्कतों का सामना
🔳 समस्या के समाधान को मांग उठाए जाने के बावजूद अनदेखी से नाराजगी
🔳 जल्द व्यवस्थित पार्किंग चिह्नित करने व यातायात पुलिस की तैनाती पर दिया जोर
🔳 नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर भी जाम बना आफत
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे व कैंची क्षेत्र को जाम से निजात दिलाने को बना बाइपास ही अब जाम का गढ़ बन गया है। आए दिन जाम की स्थिति से आसपास के गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों ने गहरी नाराजगी जताई है। जिलाधिकारी को पत्र भेजने के बावजूद व्यवस्था में सुधार न होने पर अनदेखी का आरोप लगाया है। पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग पुनः दोहराई है।
जाम के झाम से निपटने को आनन फानन में सैनिटोरियम पाडली बाइपास तो खोल दिया गया है पर अब यहीं बाइपास आसपास के गांवों के लिए मुसीबत बन चुका है। सैनिटोरियम से कुछ दूरी का सफर तय करने के बाद ही जाम मुसीबत बन जा रहा है। आसपास के चौरसा, भवाली गांव, सिरोडी, पाडली समेत तमाम गांवों के लोगों को भी जाम के कारण तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना गांवों से किसान उपज व दूध लेकर भवाली व नैनीताल आवाजाही करते हैं पर जाम लगने से तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्कूली बच्चे भी जाम का खामियाजा भुगतने को मजबूर हैं। ग्राम प्रधान चौरसा किशोर सिंह ढैला के अनुसार जहां तहां बेतरतीब ढंग से वाहनों के पार्क होने से जाम एक बड़ी समस्या बन चुकी है। कई बार आवाज उठाए जाने व जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल तक को पत्र भेजने के बावजूद व्यवस्था में सुधार न होने पर गहरी नाराजगी जताई है। ग्राम प्रधान ने बाइपास पर व्यवस्थित पार्किंग स्थल चिह्न करने के साथ ही यातायात पुलिस के समुचित कर्मियों की तैनाती किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।
नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर भी जाम बना आफत
जाम की समस्या के निदान को पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाले मालवाहक वाहनों को नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर खैरना क्षेत्र में रोक दिया जा रहा है। दिनभर मालवाहक वाहनों के रुकने खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे व अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर वाहनों की कतार लग जा रही है जिससे कई बार यात्री व पर्यटक वाहन भी जाम में फंस जा रहे हैं। सुबह से शाम तक दर्जनों बार जाम लगने से आवाजाही करने वाले लोग परेशान हैं। जाम में फंसे वाहनों की कतार खैरना बाजार तक पहुंचने से बाजार क्षेत्र की यातायात व्यवस्था भी बिगड़ चुकी है। वाहनों की लंबी लाइन के कारण आसपास के गांव से खरीदारी को बाजार पहुंचने वाले लोगों की जिंदगी पर भी खतरा बढ़ता ही जा रहा है। स्थानीय लोगों ने व्यवस्था दुरुस्त किए जाने पर जोर दिया है।
