= बैंकों में भी कामकाज रहा प्रभावित
= हाईवे पर स्थित बाजार के व्यापारियों को भी हुआ नुकसान
= विद्युत लाइन में पेड़ गिरने से आपूर्ति हुई बाधित

(((दलिप सिंह नेगी/महेंद्र कनवाल/विरेन्द्र सिंह बिष्ट की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित तमाम क्षेत्रों में करीब 30 घंटे से ज्यादा ब्लैक आउट रहा। लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बैंकों में कामकाज भी प्रभावित हो गया। देर शाम बमुश्किल आपूर्ति सुचारू हुई।बुधवार शाम हाईवे पर स्थित मर्नसा,
सुयालखेत, सुयालबाडी, नैनीपुल, खीनापानी, छियोडी़ आदि क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति भंग हो गई। विभागीय अधिकारियों के अनुसार लाइन में फॉल्ट आने की वजह से दिक्कत हुई। काकडी़घाट के समीप पेड़ गिरने से जगह-जगह फॉल्ट आ गया। दिनभर विद्युत कर्मचारी व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटे रहे। करीब दो हजार से भी ज्यादा उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। दूरदराज गांवो से बैंकों में कामकाज को पहुंचे लोग निराश ही वापस लौट गए। विद्युत आपूर्ति ठप होने से व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा। करीब 30 घंटे बाद बमुश्किल विद्युत आपूर्ति सुचारू हुई। लोगों ने आरोप लगाया कि मनमाने बिल वसूले जा रहे हैं पर अक्सर विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है जिसे अब कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इधर विद्युत विभाग के अवर अभियंता हेमचंद कपिल के अनुसार विद्युत लाइन में पेड़ गिरने से आपूर्ति बाधित हुई। जिसे दुरुस्त कर लिया गया है।