🔳 बगैर पार्किंग व रसोई के हो रहे धड़ल्ले से संचालित
🔳 प्रशासन को खुली चुनौती देने पर आमादा है संचालक
🔳 समुचित भुगतान के बावजूद असुविधाओं से जूझ रहे पर्यटक
🔳 वाहनों को हाईवे पर पार्क करना व खाने के लिए दूर दराज रुख करना मजबूरी
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर संचालित तमाम होम स्टे में नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। लगभग 90 से अधिक होम स्टे संचालित तो किए जा रहे हैं पर नियमानुसार न रसोई उपलब्ध है और न ही समुचित पार्किंग व्यवस्था। मुनाफे के फेर में संचालक नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा प्रशासन को खुली चुनौती देने पर आमादा है। तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी के अनुसार नियमों के उलट संचालित सभी होम स्टे की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेज दी गई है।
हाईवे पर निगलाट, कैंची, तल्ला कैंची, पाडली, रातीघाट, गरमपानी, खैरना, छड़ा, चमड़ियां, लोहाली, नावली, जौरासी, काकड़ीघाट समेत तमाम क्षेत्रों में 90 से अधिक होम स्टे संचालित किए जा रहे हैं। होम स्टे संचालन की आड़ में नियमों की भी खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही है। पूर्व में प्रशासन की छापेमारी में भी अनियमितताओं का खुलासा हो चुका है। पर्यटकों को सुविधा उपलब्ध कराने के लिए होम स्टे संचालित तो किए जा रहे हैं पर सुविधाओं के लिए पर्यटकों को दर दर भटकना पड़ रहा है। सरकारी नियमों के अनुसार होम स्टे संचालकों को होम स्टे में ही रसोई स्थापित कर पर्यटकों को भोजन उपलब्ध कराना है साथ ही पर्यटकों के वाहनों के लिए समुचित पार्किंग की व्यवस्था भी उपलब्ध करानी है पर अधिकांश होम स्टे रसोई व पार्किंग विहीन है। ऐसे में पर्यटकों को खाने के लिए रेस्टोरेंटों की ओर रुख करना पड़ रहा है। वाहनों को भी पर्यटक हाईवे पर पार्क करने को मजबूर हैं। नियमों का उल्लघंन कर संचालित होम स्टे से तमाम गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। श्री कैंची धाम तहसील के तहसीलदार भुवन चंद्र भंडारी के अनुसार नियमों का उल्लघंन कर संचालित होम स्टे की रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित की गई है। जिलाधिकारी के आदेश पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
