🔳 शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर जताया रोष
🔳 जीजीआइसी में महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के पद रिक्त होने पर चढ़ा पारा
🔳 कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद उपेक्षा का लगाया आरोप
🔳 बेटियों का भविष्य चौपट होने पर जताई चिंता
🔳 जल्द शिक्षकों की तैनाती न होने पर आंदोलन की दे डाली चेतावनी
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

बेतालघाट स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों के पद लंबे समय से रिक्त पड़े होने से आखिरकार मातृशक्ति का सब्र जवाब दे गया। महिलाओं व अभिभावकों ने मुख्य बाजार से खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय तक जूलूस निकाल नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। उप-शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंप शिक्षकों की तैनाती की मांग उठाई। दो टूक कहा कि अब अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुरुवार को दर्जनों महिलाओं ने बेतालघाट बाजार क्षेत्र में जुलूस निकाल शिक्षा विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर गुबार निकाला। आरोप लगाया की लंबे समय से जीजीआइसी में अंग्रेजी, अर्थशास्त्र, जीवविज्ञान, भौतिक विज्ञान, अर्थशास्त्र, संस्कृत जैसे महत्वपूर्ण विषयों के प्रवक्ताओं के पद रिक्त पड़े हुए हैं जिससे विद्यालय में अध्ययनरत बेटियों का भविष्य अंधकारमय बना हुआ है। आक्रोशित मातृशक्ति ने आरोप लगाया की कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद शिक्षा विभाग के अधिकारी अनदेखी पर आमादा है। महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षकों की तैनाती न होने से इस वर्ष विद्यालय में 11वीं कक्षा में प्रवेश संख्या शून्य है। अभिभावकों व ग्रामीणों ने खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय में भी नारेबाजी कर रोष जताया। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष शेखर दानी ने कहा की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के दावे किए जा रहे हैं पर विद्यालय में बेटियों को पढ़ाने के लिए शिक्षक ही नहीं है। उप-शिक्षा अधिकारी राशी बुधलाकोटी को ज्ञापन सौंप जल्द शिक्षकों की तैनाती की मांग उठाई। दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द शिक्षकों की तैनाती नहीं की गई तो कार्यालय में ही अनिश्चितकालीन धरना शुरु कर दिया जाएगा। इस दौरान कुंदन सिंह, सुरेश चंद्र, प्रभा देवी, माधवी देवी, सरिता गोस्वामी, मीना पंत, अंजू जलाल, राधा, उर्मिला, भगवती, तुलसी, खष्टी, तारा, माया, ऊषा, चंद्रा, पुष्पा, सुनीता, सरोज समेत तमाम महिलाएं मौजूद रहीं।