🔳 कैंची धाम में जाम के मद्देनजर सीएमओ ने दिए निर्देश
🔳 कैंची में शनिवार व रविवार को औषधियों व पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता पर भी दिया जोर
🔳 पीएचसी धनियाकोट में भी स्थापित होगा प्रसव केंद्र
🔳 सीएमओ ने सीएचसी व पीएचसी में लिया व्यवस्थाओं का जायजा
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के धनियाकोट गांव में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में जल्द प्रसव केंद्र स्थापित होगा साथ ही कैंची धाम में भी प्रत्येक शनिवार व रविवार को बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या के मद्देनजर स्वास्थ्य सुविधाओं को चाक चौबंद किया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रश्मि पंत ने सीएचसी गरमपानी की प्रभारी को कैंची में जाम की स्थिति को देखते हुए गर्भवती महिलाओं के लिए बर्थ वेंटिग रुम की व्यवस्था को प्राथमिकता देने तथा चार बेड आरक्षित रखने के निर्देश दिए। सीएमओ ने गरमपानी व धनियाकोट अस्पताल में व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया।
बुधवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डा. रश्मि पंत ने सीएचसी गरमपानी का औचक निरीक्षण किया। सीएमओ के अस्पताल पहुंचने से हड़कंप मच गया। सीएमओ डा. रश्मि ने ओपीडी, अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे कक्ष व लैब, इमरजेंसी सेवाओं, औषधि कक्ष, बायोमेडिकल वेस्ट निस्तारण की व्यवस्था के साथ ही उपस्थिति पंजिका का निरीक्षण किया। प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. अभिलाषा को जांच सुविधाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने तथा चिकित्सालय में उपलब्ध न होने वाली जांचों को नियमानुसार आउटसोर्स सेवा के माध्यम से उपलब्ध कराने को निर्देशित किया। कहा कि सीएचसी में जल्द आयुष्मान मित्र की नियुक्ति की जाएगी ताकी मरीजों को आयुष्मान कार्ड संबंधी सुविधाएं मिल सकेंगी। कैंची धाम क्षेत्र में प्रत्येक शनिवार व रविवार को उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक औषधियों व पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जाम की स्थिति को देखते हुए गर्भवती महिलाओं के लिए बर्थ वेटिंग होम की व्यवस्था को प्राथमिकता देने तथा आवश्यकता के अनुसार चार बेड आरक्षित रखने को कहा गया। सीएमओ ने पीएचसी धनियाकोट का भी निरीक्षण किया। जल्द प्रसव केंद्र स्थापित करने पर जोर दिया ताकि क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को स्थानीय स्तर पर प्रसव सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। सीएचसी गरमपानी, भीमताल, भवाली तथा सुयालबाड़ी के प्रभारियों को सड़क दुर्घटनाओं एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों के लिए निरंतर तैयार रहने तथा घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा व खुशियों की सवारी सेवा को सुचारु बनाए रखने तथा गर्भवती महिलाओं व नवजात शिशुओं को समय पर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया, ताकि जरूरतमंदों को समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके। इस दौरान डा. योगेश कुमार, बीएम पाठक, विनोद जोशी, सचिन मिश्रा, सागर पंत, गिरीश पाण्डे आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!