🔳 उच्च माध्यमिक विद्यालय इंटरमिडिएट तक हुआ उच्चीकृत
🔳 रामगढ़ ब्लॉक के कूल गांव में खुशी की लहर
🔳 गांवों के नौनिहालों को भी नहीं करना पड़ेगा दूरदराज रुख
🔳 शिक्षा मंत्री व विधायक ने दी शुभकामनाएं
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
गरमपानी डेस्क : रामगढ़ ब्लॉक के सूदूर कूल समेत तमाम गांवों के नौनिहालों को अब इंटरमिडिएट तक की शिक्षा के लिए दूरदराज रुख नहीं करना पड़ेगा। गांव में स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय का उच्चीकरण होने से अब नौनिहालों को इंटरमिडिएट तक की शिक्षा गांव में स्थित विद्यालय में ही मिल सकेगी। विद्यालय का उच्चीकरण होने से गांवों के लोगों ने राज्य सरकार व शिक्षा विभाग का आभार व्यक्त किया है।
शुक्रवार को कूल गांव स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के उच्चीकृत होने पर हुए कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि रमेश सुयाल व भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट ने संयुक्त रुप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अतिथियों ने कहा कि विद्यालय को उच्चीकृत कर सरकार ने गांवों के लोगों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा किया है। विद्यालय के प्रधानाचार्य भूपेंद्र चंद्र ने कहा कि विद्यालय के इंटरमिडिएट तक उच्चीकृत होने से अब गांवों के नौनिहालों को दूरदराज के विद्यालयों को रुख नहीं करना पड़ेगा। बताया की पहले दिन आठ विद्यार्थियों का 11वीं कक्षा के लिए पंजीकरण भी कर लिया गया है। शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत व विधायक सरिता आर्या ने कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर जल्द इंटरमिडिएट स्तर की सुविधाएं उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। प्रतियोगी परीक्षाओं व अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों को सम्मानित भी किया गया। इस दौरान उपशिक्षा अधिकारी परवीन अजहर, ग्राम प्रधान सुरेश चंद्र, गोधन सिंह खत्री, सुरेश चंद्र, हेमा तिवारी, वसी अहमद, हेमा जोशी समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
