🔳 खनन तस्कर पुलिस प्रशासन को भी दे रहे खुली चुनौती
🔳 धड़ल्ले से चीरा जा रहा कोसी नदी का सीना
🔳 चोरी के उपखनिज से लदे वाहन बेरोकटोक कर रहे आवाजाही
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर स्थित कालिका मोड़ क्षेत्र में खनन तस्करों के हौंसले बुलंद हो चुके हैं। तस्कर कोसी नदी को बड़े पैमाने पर खोद पुलिस प्रशासन व खनन विभाग को खुली चुनौती देने पर आमादा है बावजूद अधिकारियों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। ऐसा लगता है मानो खनन विभाग के अफसरों ने तस्करों को अवैध खनन की खुली छूट दे रखी है वहीं बगैर उपखनिज राॅयल्टी के सड़कों पर दौड़ रहे वाहन पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहे हैं।
स्टेट हाईवे पर कालिका मोड़ क्षेत्र में कोसी नदी पर धड़ल्ले से हो रहा अवैध खनन से बड़ी मिलीभगत की बू आ रही है। नदी क्षेत्र में बड़े बड़े गड्डे अवैध खनन की हकीकत बयां कर रहे हैं पर खनन विभाग को न अवैध खनन दिख रहा और न ही नदी क्षेत्र के गड्डे ही नजर आ रहे हैं। खनन तस्कर खुलेआम नदी का सीना चीर जिम्मेदार अफसरों को चुनौती दे डंपरों व पिकअप वाहन के जरिए चोरी के उपखनिज को ठिकाने लगा रहे हैं। पुलिस प्रशासन की नाक के नीचे से अवैध उपखनिज से लदे वाहन खुलेआम आवाजाही कर रहे हैं पर जिम्मेदार अनदेखी पर आमादा है। अवैध खनन पर शिकंजा कसने के दावे करने वाले खनन विभाग के दावे भी हवा हवाई साबित हो रहे हैं। क्षेत्रीय लोगों के अनुसार यदि स्थानीय लोग नदी से भवन व अन्य निर्माण के लिए उपखनिज ले जाते हैं तो उन पर तत्काल कार्रवाई कर दी जाती है पर खनन तस्करों को पकड़ने की जहमत तक अधिकारी नहीं उठाते। लोगों ने कोसी नदी क्षेत्र में धड़ल्ले से किए जा रहे अवैध खनन पर सख्ती से रोक लगाने तथा खनन तस्करों पर कार्रवाई की मांग उठाई है। राजस्व उपनिरीक्षक कुंदन लाल के अनुसार जल्द छापेमारी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी। खनन तस्करों पर भी शिकंजा कसा जाएगा।
