🔳 व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने लगाए गंभीर आरोप
🔳 खतरे वाले स्थानों पर सुरक्षित उपायों की अनदेखी पर जताई नाराजगी
🔳 कई जगह धंसाव बढ़ने से असंतुलित हो रहे वाहन
🔳 समय रहते सुध न लेने पर आंदोलन की चेतावनी
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर दुर्घटनाओं का ग्राफ लगातार बढ़ता ही जा रहा है बावजूद ध्यान नहीं दिया जा रहा। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने आज दिन सामने आ रही दुर्घटनाओं के लिए एनएच विभाग पर ठिकरा फोड़ दिया है। आरोप लगाया की जगह जगह दुर्घटना संभावित जोन बन चुके हैं बावजूद अनदेखी की जा रही है।
कुमाऊं की लाइफ लाइन कहे जाने वाले अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर आवाजाही बेहद ख़तरनाक हो चुकी है। आए दिन दुर्घटनाओं में यात्री व पर्यटक घायल होते जा रहे हैं। पूर्व में हुए हादसों में कई लोग जान तक गंवा चुके हैं बावजूद सुरक्षित आवाजाही को ठोस उपाय नहीं किए जा रहे। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल जिला उपाध्यक्ष प्रेम नाथ गोस्वामी ने महत्वपूर्ण हाईवे की अनदेखी पर गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया कि तमाम स्थानों पर दुर्घटना संभावित क्षेत्र होने के बावजूद सुरक्षित यातायात के प्रबंध नहीं किए गए हैं। कई जगह हाईवे के धंसने से वाहन असंतुलित हो जा रहे हैं। खैरना ईकाई के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह नेगी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, मनीष तिवारी, बिशन सिंह जंतवाल ने आरोप लगाया की हाईवे पर पूर्व में जिन स्थानों से वाहन खाई की ओर गिरे हैं लंबा समय बीतने के बावजूद उन स्थानों पर भी दुर्घटनाएं रोकने को कोई भी उपाय नहीं किए जा सकें है जिससे दुर्घटना की पुनरावृत्ति का अंदेशा बढ़ता ही जा रहा है। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति के शिवराज सिंह बिष्ट, सुनील मेहरा, संजय सिंह बिष्ट, कुलदीप सिंह, भैरव आदि ने हाईवे पर सुरक्षित आवाजाही को तत्काल ठोस कदम उठाए जाने की मांग की है। चेताया की यदि समय रहते सुध नहीं ली गई तो आंदोलन की रुपरेखा तैयार की जाएगी।
