🔳 जिलाधिकारी ने वन विभाग को किया निर्देशित
🔳 नदी की निगरानी व समुचित कार्मिको की तैनाती पर दिया जोर
🔳 अतिक्रमण मुक्त रहेगा संपूर्ण मेला क्षेत्र
🔳 शटल सेवा का किराया भी किया गया निर्धारित
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
सुप्रसिद्ध कैंची धाम में लगने वाले मेले में इस बार पवित्र उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने वन विभाग को नदी की स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के साथ ही लगातार माॅनिटरिग के निर्देश दिए हैं।
कैंची धाम क्षेत्र में बहने वाली पवित्र शिप्रा नदी को साफ सुथरा व निर्मल बनाने को जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल गंभीर हो गए हैं। मंगलवार को कैंची धाम पहुंचे जिलाधिकारी ने शिप्रा नदी में कहीं पर भी कचरा ना गिरे इसके लिए वन विभाग को लगातार निगरानी करने व पर्याप्त संख्या में कार्मिक तैनात करने के निर्देश दिए। कहा कि शिप्रा नदी को अलग-अलग जोन में बांटते हुए लगातार माॅनिटरिग की जाएगी। नदी के साथ ही पर्यावरण को भी साफ व स्वच्छ रखने पर जोर दिया। मेला परिसर व यात्रा मार्ग में सफाई व्यवस्था बेहतर रहे इसके लिए नगर पालिका भीमताल, भवाली व जिला पंचायत पर्याप्त संख्या में पर्यावरण मित्र तैनाती करेंगे तथा लगातार कूड़े का उठान भी सुनिश्चित करेंगे। जिलाधिकारी ने स्थापना दिवस पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से भी आहृवान किया कि पर्यावरण को साफ व स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग करें। शटल सेवा संचालित होने वाले स्थानों पर पर्याप्त मात्रा में पेयजल, प्रकाश, शौचालय, टेंट लगाने के साथ ही पीए सिस्टम भी स्थापित किया जाय। शटल सेवा संचालन स्थल पर राजस्व, पुलिस व परिवहन का एक-एक प्रतिनिधि की तैनाती तथा परिवहन निगम को बस व टैक्सी किराया दर संबंधित फ्लेक्सी भी लगाने के निर्देश दिए। 11 स्थानों पर लगने वाले मोबाइल टॉयलेट में लगातार पानी की आपूर्ति को टैंकर रखने तथा उनमें गंदगी ना हो इसके लिए कार्मिक तैनात करने को निर्देशित किया।
अतिक्रमण मुक्त रहेगा मेला क्षेत्र
व्यवस्था को चाक चौबंद करने को कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। मेला परिसर क्षेत्र में अव्यवस्थाओं का बोलबाला न हो इसके लिए एक भी ठेला व फूडवैन नहीं रहेगी और न ही कहीं पर भंडारा लगेगा। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की है।
शटल सेवा का किराया किया गया निर्धारित
शटल सेवा का किराया भी तय कर दिया गया है। किसी भी श्रद्धालु से अधिक किराए न वसूला जाए इसके लिए पार्किंग स्थलों पर रेट लिस्ट चस्पा की जाएगी। हल्द्वानी से कैंची धाम तक 150, भीमताल व नैनीताल से 100, भवाली व खैरना से 50 रुपये प्रति व्यक्ति एक तरफ का किराया निर्धारित किया गया है।
