🔳 अल्ट्रासाउंड सेवा ठप होने से बढ़ने लगी है नाराजगी
🔳 देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने लगाया वादाखिलाफी का आरोप
🔳 स्वास्थ्य मंत्री से वार्ता के बावजूद अब नहीं मिल रहा लाभ
🔳 जल्द सेवा संचालित न होने पर अस्पताल परिसर में धरने का ऐलान
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
बेतालघाट में अल्ट्रासाउंड सेवा को लेकर हुए आंदोलन के बाद अब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में भी सेवा संचालित किए जाने की मांग जोर पकड़ गई है। देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन दिए जाने के बावजूद अब तक सुध न लिए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है। दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द सेवा शुरु नहीं हुई तो मजबूरी में अस्पताल परिसर में ही धरना दिया जाएगा।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में पिछले कई महीनों से अल्ट्रासाउंड सेवा ठप पड़ी है। स्वास्थ्य विभाग कभी सचल दल वाहन तो कभी नैनीताल व हल्द्वानी से रेडियोलोजिस्ट को भेजकर इतिश्री कर रहा है। लंबे समय से सेवा प्रभावित होने से नाराज देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्कर पनौरा ने बीते माह गरमपानी अस्पताल के निरीक्षण को पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल को ज्ञापन भी सौपा बावजूद आज तक स्थित जस की तस बनी हुई है। सेवा का संचालन न होने से गर्भवती महिलाओं व मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए कई किलोमीटर दूरी तय करना मजबूरी बन चुका है। मामले की अनदेखी से नाराज देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल ने वादाखिलाफी का आरोप लगा अब जल्द ही आंदोलन का बिगुल फूंकने का मन बना लिया है। संगठन अध्यक्ष पुष्कर पनौरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष भरत जलाल, उपाध्यक्ष इंदर सिंह रमौला, रीना राठौर, भूपाल सिंह बिष्ट, मोहम्मद आजम, लक्ष्मण सिंह टनवाल, मनोज नैनवाल, विजय गोस्वामी, बसंत गोस्वामी, बालम बिष्ट, सोनू वर्मा, दिनेश कुमार ने जल्द सेवा शुरु न किए जाने पर अस्पताल परिसर में ही धरना देने का ऐलान किया है।
