🔳 सक्षम अधिकारियों से ही वार्ता पर दिया जोर
🔳 तीन सूत्रीय मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर डटे हैं आंदोलनकारी
🔳 पंचायत प्रतिनिधियों व विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने दिया समर्थन
🔳 जल्द मांगे न माने जाने पर आंदोलन तेज करने का ऐलान
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
बेतालघाट में तीन सूत्रीय मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे आंदोलकारियों ने प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बगैर वार्ता के बैरंग वापस लौटा दिया। दो टूक कहा कि सक्षम अधिकारियों के पहुंचने पर ही वार्ता की जाएगी। आंदोलन के दूसरे दिन देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल बेतालघाट व खैरना गरमपानी ने भी आंदोलन को समर्थन की घोषणा की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेतालघाट में अल्ट्रासाउंड सेवा व रेडियोलोजिस्ट की तैनाती, कोटधरिया गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने तथा भंडारपानी – अमगढी – सेठी – डौन परेवा मोटर मार्ग को हाटमिक्स किए जाने की मांग को लेकर जिला पंचायत सदस्य संजय बोहरा की अगुवाई में मनीष पंत, पना बिष्ट, भूपेंद्र बिष्ट सीएचसी परिसर में भूख हड़ताल पर डटे हुए हैं। विभिन्न गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों ने आंदोलनस्थल पर पहुंचकर आंदोलकारियों की मांगों को जायज ठहराया। वक्ताओं ने कहा की अल्ट्रासाउंड सुविधा न होने से गर्भवती महिलाओं को प्रसव पीड़ा में हल्द्वानी, रामनगर, काशीपुर आदि शहरों को रुख करना पड़ रहा है। कोटधरिया गांव के सैकड़ों परिवार आज भी सड़क सुविधा से वंचित हैं जिस कारण गांव का विकास भी अवरुद्ध है वहीं भंडारपानी – अमगढी – सेठी – गौन परैवा मोटर मार्ग को हाटमिक्स किए जाने पर जोर दिया। जिंप सदस्य ने दो टूक कहा कि जब तक मांगे पूरी नहीं होंगी तब तक पीछे नहीं हटा जाएगा। तहसीलदार बीसी भंडारी व चिकित्सा प्रभारी योगेश कुमार आंदोलकारियों से वार्ता को पहुंचे पर आंदोलनकारियों ने वार्ता से मना कर दोनों को वापस लौटा दिया। दो टूक कहा की सक्षम अधिकारियों के पहुंचने पर ही वार्ता की जाएगी। इस दौरान देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष बेतालघाट तारा भंडारी, गरमपानी खैरना अध्यक्ष पुष्कर पनौरा, दिलीप सिंह नेगी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य मंजू आर्या, विक्की बोहरा, महेंद्र रावत, अतुल भंडारी, बालम पिनारी, विरेन्द्र भंडारी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।




