🔳 चोरों के निशाने पर हाईवे पर गंगरकोट स्थित हनुमान मंदिर
🔳 मंदिर के मुख्य गेट पर लगा ताला तोड़ दानपात्र से निकाली नगदी
🔳 शांत क्षेत्र में चोरों की घुसपैठ से दहशत में क्षेत्रवासी
🔳 पूर्व में हुई घटना के खुलासे में नाकाम हुई पुलिस, दोबारा घटना बनी चुनौती
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर गंगरकोट क्षेत्र में स्थित हनुमान मंदिर चोरों के निशाने पर आ गया है। बीस दिन पूर्व मंदिर में सेंध लगाने के बाद अब एक बार फिर चोरों ने मंदिर का ताला तोड़ दान पात्र में रखी नगदी पार कर ली है। मंदिर में लगातार दो चोरी की घटनाएं सामने आने से स्थानीय लोगों का पारा चढ़ गया है। क्षेत्रवासियों ने आरोप लगाया है कि पुलिस की लापरवाही से चोरों के हौसले बुलंद हो चुके हैं।

हाईवे पर स्थित गंगरकोट क्षेत्र में चोरों का तांडव जोर पकड़ गया है। बीते तीस मई को हनुमान मंदिर से नगदी व मंदिर की अन्य सामग्री पार कर ली। अभी पुलिस पूर्व में हुई चोरी की घटना का खुलासा भी नहीं कर सकी थी की मध्य रात्रि चोरों ने दोबारा मंदिर में सेंध लगा दी। चोरों ने मंदिर के मुख्य गेट पर लगा ताला तोड़ दानपात्र में रखी नगदी चुरा ली। मंदिर के अंदर रखे सामान को भी बिखेर दिया। रोजाना की तरह सुबह लोग मंदिर पहुंचे तो मंदिर की हालत देख उनके होश उड़ गए। आनन फानन में कई अन्य लोगों को भी सूचना दी गई। मंदिर पहुंचे लोगों ने घटना पर गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की पुलिस पूर्व में हुई घटना का खुलासा भी नहीं कर सकी थी की अब चोरी की दूसरी घटना सामने आ गई। व्यापार मंडल अध्यक्ष प्रकाश जोशी, पंकज नेगी, जगमोहन सिंह, रमेश सुयाल आदि ने जल्द घटना का खुलासा किए जाने की मांग उठाई है। अंदेशा जताया की यदि समय रहते चोरों को नहीं पकड़ा गया तो आसपास के मंदिरों में भी चोरी की घटनाएं सामने आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *