🔳 स्कूली नौनिहालों की जिंदगी पर भी मंडराया खतरा
🔳 सीएचसी परिसर के समीप विशालकाय पेड़ ने खड़ी की मुसीबत
🔳 तेज बारिश व हवा के दौरान बढ़ जा रही दहशत
🔳 समय रहते नहीं हुआ पेड़ का निस्तारण तो सामने आ सकती है बड़ी घटना
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी के मुख्य भवन पर विशालकाय पेड़ के गिरताऊ हालत में पहुंचने से खतरा बढ़ गया है। तेज बारिश व हवा से जोखिम दोगुना बढ़ जा रहा है। विशालकाय पेड़ से चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों के साथ ही मरीजों की जिंदगी पर भी खतरे की जद में आ गई है। स्थानीय लोगों ने खतरा टालने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी में आसपास के गांवों से रोजाना सैकड़ों मरीज पहुंचते है। हाईवे पर दुर्घटना होने पर घायलों को भी इलाज के लिए सीएचसी पहुंचाया जाता है पर अस्पताल परिसर के समीप विशालकाय पेड़ ख़तरे का सबब बना हुआ है। तेज बारिश व हवा के दौरान अस्पताल में तैनात चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मी भी दहशत में आ जाते हैं। अस्पताल के मुख्य भवन पर भी विशालकाय पेड़ से खतरा बढ़ता ही जा रहा है। अस्पताल के समीप ही राजकीय प्राथमिक विद्यालय खैरना भी संचालित होता है ऐसे में विद्यालय में अध्ययनरत नौनिहालों की जिंदगी पर भी खतरा मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों ने समय रहते खतरा टालने को ठोस उपाय किए जाने की मांग उठाई है। अंदेशा जताया कि यदि अनदेखी की गई तो भविष्य में कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है। चिकित्सा प्रभारी डा. अभिलाषा पांडे के अनुसार पेड़ से बढ़ रहे खतरे को टालने के लिए कहा वन विभाग को पत्राचार कर दिया गया है पर अब तक कुछ भी ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट, प्रेम नाथ गोस्वामी, बिशन सिंह जंतवाल, मनीष तिवारी, गजेंद्र सिंह नेगी आदि ने भी तत्काल पेड़ का निस्तारण किए जाने की मांग उठाई है।
