🔳 तेज रफ्तार वाहन को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
🔳 चालक ने सूझबूझ का परिचय दे पहाड़ी की ओर मोड़ा वाहन
🔳 अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर नावली क्षेत्र की घटना
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर नावली के समीप पैट्रोलियम पदार्थ का टैंकर विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार वाहन को बचाने के प्रयास में पहाड़ी से जा टकराया। दुर्घटना में वाहन चालक घायल हो गया। गनीमत रही की चालक ने सूझबूझ का परिचय दे वाहन को पहाड़ी की ओर मोड़ लिया। यदि तेज रफ्तार वाहन टैंकर से टकराता तो बड़ी अनहोनी सामने आ सकती थी।
गुरुवार को पैट्रोलियम पदार्थ से भरे टैंकर यूके 04 सीसी 1150 का चालक कमल हल्द्वानी से अल्मोड़ा को रवाना हुआ। अल्मोड़ा पहुंचकर पैट्रोल खाली करने के बाद वह वापसी हल्द्वानी की ओर निकला। कमल हाईवे पर नावली क्षेत्र के समीप पहुंचा ही था कि विपरित दिशा से आ रहे तेज रफ्तार वाहन को बचाने के प्रयास में वह वाहन पर संतुलन खो बैठा। वाहन के असंतुलित होने के बावजूद चालक ने सूझबूझ का परिचय दे तेज रफ्तार वाहन को बचाकर टैंकर को हाईवे से सटी पहाड़ी की ओर मोड़ लिया नतीजतन वाहन पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। आवाजाही कर रहे अन्य वाहन चालकों ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर के अंदर फंसे चालक को बामुश्किल बाहर निकाला। दुर्घटना से हाईवे पर कुछ देर आवाजाही भी ठप हो गई। गनीमत रही की बड़ी अनहोनी टल गई। घायल चालक का गरमपानी अस्पताल में उपचार किया गया। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन दौड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
